सऊदी अरब के किंग खालिद एयरपोर्ट पर मिसाइल हमला, 12 लोगों की मौत; 309 घायल

HIGHLIGHTS
- मृतकों में सऊदी अरब के चार नागरिक शामिल हैं।
- कई घायलों की हालत गंभीर, अस्पतालों में इलाज जारी।
- हमले के बाद यात्रियों को एयरपोर्ट से निकाला गया।
रियाद। सऊदी अरब के किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर शनिवार को हुए मिसाइल हमले में कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई, जबकि 309 से अधिक लोग घायल हुए हैं। सऊदी अरब के नागरिक उड्डयन प्राधिकरण (सीएसीए) ने इसकी पुष्टि की है।
सीएसीए के मुताबिक, मृतकों में चार सऊदी नागरिक शामिल हैं। इसके अलावा दो बांग्लादेशी नागरिकों की मौत हुई है। अमेरिका, मिस्र, जॉर्डन, सीरिया, फलस्तीन और सूडान के एक-एक नागरिक भी मृतकों में शामिल हैं। घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है और उनका अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है।
प्राधिकरण ने अपने बयान में कहा कि हमले में 12 लोगों की जान गई और 309 लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। बयान में मृतकों की आत्मा की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की गई। हमले में संपत्ति को हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
पिछले एक सप्ताह के दौरान किंग खालिद एयरपोर्ट पर हुए कई हमलों में यह ताजा घटना है। सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन की ओर से पड़ोसी यमन में ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों के खिलाफ बड़ा सैन्य अभियान शुरू किए जाने के बाद से एयरपोर्ट को निशाना बनाया जा रहा है। इससे पहले 6 और 7 अक्टूबर को भी हवाई अड्डे पर हमले हुए थे, जिनमें तीन लोगों की मौत हुई थी और 36 लोग घायल हुए थे।
हमले के बाद एयरपोर्ट का संचालन अस्थायी रूप से रोक दिया गया। यात्रियों को बाहर निकाला गया और मौके पर दर्जनों एंबुलेंस पहुंचीं। फ्लाइट ट्रैकिंग डेटा के मुताबिक, रियाद आने वाली उड़ानों को दूसरे स्थानों की ओर डायवर्ट किया जा रहा था।
24 घंटे में 225 उड़ानें रद
हाल के हमलों में तीन सऊदी नागरिकों की मौत भी हुई थी। इन घटनाओं का असर हवाई सेवाओं पर भी पड़ा है। उड़ानों की निगरानी करने वाली वेबसाइट फ्लाइटअवेयर के अनुसार, रियाद एयरपोर्ट पर पिछले 24 घंटों में 225 उड़ानें रद की गईं।
फ्लाईदुबई, लुफ्थांसा समूह और पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस समेत कई एयरलाइंस ने सऊदी अरब के लिए अपनी उड़ानें अस्थायी रूप से निलंबित कर दी हैं। वहीं, अमेरिका ने अपने नागरिकों को एयरपोर्ट और उसके आसपास के इलाकों से दूर रहने की सलाह दी है।
एअर इंडिया और एअर इंडिया एक्सप्रेस ने बढ़ाई उड़ानें रद रखने की अवधि
पीटीआई के अनुसार, सऊदी अरब के बदलते हालात को देखते हुए एअर इंडिया और एअर इंडिया एक्सप्रेस ने रियाद आने-जाने वाली उड़ानों को रद रखने की अवधि बढ़ा दी है।
एअर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ानें 14 अक्टूबर तक रद रहेंगी, जबकि एअर इंडिया ने अपनी उड़ानें 15 अक्टूबर तक रद रखने का फैसला किया है। इससे पहले दोनों एयरलाइंस ने 10 अक्टूबर तक उड़ानें रद करने की घोषणा की थी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.