यूपी में मानसून की वापसी, 17 जुलाई से फिर बदलेगा मौसम, कई जिलों में बारिश के आसार

HIGHLIGHTS
- यूपी में 17 जुलाई से मानसून फिर सक्रिय होने की संभावना, 22 जुलाई तक बारिश के आसार।
- पूर्वी यूपी से शुरू होकर बारिश का असर पश्चिमी जिलों तक पहुंचने का अनुमान।
- अंबेडकर नगर, हमीरपुर और मथुरा समेत कई जिलों में बुधवार को हुई अच्छी बारिश।
उत्तर प्रदेश में कुछ दिनों की धीमी रफ्तार के बाद मानसून एक बार फिर जोर पकड़ने वाला है। मौसम विभाग के मुताबिक 17 जुलाई से प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। 22 जुलाई तक तराई क्षेत्र समेत कई जिलों में हल्की से मध्यम और कुछ स्थानों पर अच्छी बारिश हो सकती है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार ओडिशा के उत्तरी तट के पास बने कम दबाव वाले क्षेत्र के प्रभाव से यूपी में मानसून की सक्रियता बढ़ेगी। मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि सबसे पहले पूर्वी उत्तर प्रदेश के इलाकों में बारिश शुरू होगी, जिसके बाद अगले दो दिनों में इसका असर मध्य क्षेत्र और पश्चिमी यूपी तक पहुंच सकता है।
उन्होंने बताया कि पिछले कुछ दिनों में मानसून द्रोणी और चक्रवाती परिसंचरण की स्थिति तराई क्षेत्रों की ओर बनी हुई थी, जिसके कारण पूर्वी तराई के कुछ हिस्सों में ही बारिश देखने को मिली।
कई जिलों में बारिश की संभावना
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 17 से 22 जुलाई के बीच प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में बादल छाए रहने और बारिश होने की संभावना है। पश्चिमी यूपी और दिल्ली से सटे जिलों में बारिश की गतिविधियां ज्यादा रहने का अनुमान जताया गया है।
हालांकि, गुरुवार के लिए प्रदेश में कहीं भी भारी बारिश का अलर्ट जारी नहीं किया गया है। मौसम विभाग ने बताया कि वातावरण में नमी अधिक रहने के कारण कई इलाकों में उमस भरी गर्मी का असर बना रह सकता है।
प्रयागराज रहा सबसे गर्म
बुधवार को प्रदेश में प्रयागराज सबसे अधिक गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
वहीं, कुछ जिलों में अच्छी बारिश भी रिकॉर्ड की गई। अंबेडकर नगर में 75 मिमी, हमीरपुर में 54 मिमी, मथुरा में 44 मिमी, अयोध्या में 42 मिमी और गोरखपुर में 38 मिमी बारिश दर्ज की गई।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.