बीच सड़क पर काटा केक, एयरगन से की फायरिंग; मुंबई में 10 लोग गिरफ्तार

HIGHLIGHTS
- गोराई-2 इलाके में देर रात सड़क पर पार्टी करने का मामला सामने आया।
- ब्लैक इनोवा को बीच रास्ते में खड़ा कर लोग जन्मदिन मना रहे थे।
- पार्टी के दौरान तेज शोर और भीड़ के कारण यातायात प्रभावित हुआ।
मुंबई के बोरीवली इलाके में कुछ लोगों को सड़क के बीचों-बीच जन्मदिन मनाना भारी पड़ गया। सड़क पर पार्टी कर हंगामा करने के आरोप में पुलिस ने 10 लोगों को गिरफ्तार किया है।
इस घटना का वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में 5 अगस्त की रात करीब 12:30 बजे गोराई-2 स्थित घरकुल को-ऑपरेटिव हाउसिंग सोसाइटी के पास एक ब्लैक कलर की इनोवा कार को सड़क के बीच खड़ा देखा जा सकता है, जहां कुछ लोग पार्टी करते नजर आ रहे हैं।
बीच सड़क पर जश्न मनाने से बढ़ी परेशानी
वीडियो में दिखाई दे रहा है कि कार के बोनट पर कई केक रखे हुए हैं और जन्मदिन मनाने वाला व्यक्ति उन्हें काट रहा है। वहीं, अन्य लोग सड़क पर खड़े होकर पार्टी कर रहे हैं और शोर-शराबा कर रहे हैं।
लोगों की भीड़ जमा होने के कारण इलाके में ट्रैफिक प्रभावित हुआ। तेज आवाज और हंगामे से आसपास रहने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद पार्टी कर रहे लोगों ने जश्न जारी रखा।
आरोप है कि इसी दौरान उन्होंने एयरगन निकाली और एक व्यक्ति ने उससे पैलेट फायर किया। बोरीवली पुलिस के अनुसार, बेबी एयरगन जतिन शर्मा लेकर आया था, जबकि उसे विजेश उपाध्याय ने चलाया। पैलेट चलने के बाद इलाके में डर का माहौल बन गया।
पुलिस ने 10 लोगों को किया गिरफ्तार
पुलिस का कहना है कि इस घटना से कई लोगों की सुरक्षा खतरे में पड़ सकती थी। मामले में पुलिस ने 10 लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए लोगों में आकाश गुप्ता, जतिन शर्मा और विजेश उपाध्याय भी शामिल हैं।
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS), मोटर वाहन अधिनियम, महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम और आपराधिक कानून संशोधन अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.