मुजफ्फरनगर: 24% ब्याज का लालच देकर मजदूर के 4 लाख फंसाए, SSP से की शिकायत

HIGHLIGHTS
- छह महीने बाद मूल रकम ब्याज सहित लौटाने का भरोसा दिया गया था।
- तय अवधि पूरी होने के बाद रकम मांगने पर टालमटोल का आरोप है।
- पीड़ित ने थाना खालापार में रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की।
मुजफ्फरनगर में 24 प्रतिशत ब्याज देने का लालच देकर एक मजदूर से 4 लाख रुपये निवेश कराने और बाद में रकम वापस नहीं करने का आरोप सामने आया है। खालापार थाना क्षेत्र के किदवईनगर निवासी प्रवेज पुत्र अनवर ने कुछ लोगों पर कथित फर्जी निवेश कंपनी के नाम पर अपनी मेहनत की कमाई फंसाने का आरोप लगाया है।
पीड़ित गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे पुलिस कार्यालय पहुंचा। यहां उसने SSP को प्रार्थना पत्र देकर मामले की जांच कराने और आरोपितों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की।
किदवईनगर निवासी प्रवेज मजदूरी करता है। उसका आरोप है कि रिहान पुत्र इकराम और नबील पुत्र हाफिज जी शाहिद ने कथित तौर पर एक कंपनी के जरिए निवेश कराने का झांसा दिया। पीड़ित के मुताबिक, आरोपितों ने उसे BOTAIPHA YFX Company में पैसे लगाने के लिए कहा था।
आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग
प्रवेज का आरोप है कि उसे निवेश की रकम पर 24 प्रतिशत ब्याज देने का भरोसा दिया गया था। इसके बाद उसने एक जनवरी 2025 को आरोपितों द्वारा बताए गए खातों और आईडी पर कुल 4 लाख रुपये निवेश कर दिए।
पीड़ित के अनुसार, उसे भरोसा दिलाया गया था कि छह महीने बाद मूल रकम ब्याज सहित वापस कर दी जाएगी। आरोप है कि निर्धारित समय पूरा होने के बाद जब उसने अपनी रकम वापस मांगी तो उसे कथित तौर पर लगातार टाल दिया गया।
प्रवेज ने आरोप लगाया कि संबंधित लोग भोले-भाले और कम पढ़े-लिखे लोगों को ज्यादा ब्याज और मोटे मुनाफे का लालच देकर निवेश के जाल में फंसाते हैं और उनकी रकम हड़प लेते हैं।
पीड़ित ने अब मामले को लेकर SSP कार्यालय पहुंचकर प्रार्थना पत्र दिया है। उसने थाना खालापार पुलिस को रिपोर्ट दर्ज करने और आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश देने की मांग की है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.