मुजफ्फरनगर में जमीन के सौदे को लेकर विवाद, 15.48 लाख देने के बाद दूसरे को बेचने का आरोप; SSP से शिकायत

HIGHLIGHTS
- जमीन का सौदा वर्ष 2022 में गांव के कुछ लोगों से किया गया था।
- कुल रकम में 9 लाख 98 हजार रुपये ऑनलाइन दिए गए थे।
- 5 लाख 50 हजार रुपये नकद भुगतान किए जाने का आरोप है।
मुजफ्फरनगर के गांव पुरबालियान में जमीन के सौदे को लेकर कथित फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि करीब 15 लाख 48 हजार रुपये में जमीन का सौदा तय होने और जमीन का बैनामा कराने के बाद आरोपियों ने कथित तौर पर उसी जमीन को किसी अन्य व्यक्ति के हाथ बेच दिया। पीड़ित के मुताबिक, मामले की थाना पुलिस और सीओ स्तर से जांच भी हो चुकी है, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई।
कार्रवाई नहीं होने से परेशान पीड़ित खालिद शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे अपने पूरे परिवार के साथ हाथों में स्लोगन लिखे पोस्टर लेकर SSP कार्यालय पहुंचा। उसने एसएसपी से मुलाकात कर पूरे मामले की शिकायत की। पीड़ित ने जमीन की जांच कराने, आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने और उसका पैसा अथवा जमीन वापस दिलाने की मांग की है।
शिकायतकर्ता खालिद पुत्र चांदू निवासी गांव पुरबालियान के अनुसार, वर्ष 2022 में उसने गांव के कुछ लोगों से कृषि भूमि का सौदा किया था। शिकायत में बताया गया कि जमीन की कीमत 15 लाख 48 हजार रुपये तय हुई थी। उसने करीब 9 लाख 98 हजार रुपये ऑनलाइन माध्यम से और 5 लाख 50 हजार रुपये नकद आरोपियों को दिए थे।
शिकायतकर्ता के अनुसार, चक नंबर 1380 की करीब तीन बीघा कृषि भूमि का बैनामा एक फरवरी 2022 को उसकी भाभी सकीला पत्नी महबूब के नाम कराया गया था। तय की गई बाकी जमीन का बैनामा उसके नाम होना था, लेकिन इसके बाद आरोपी जमीन का बैनामा कराने में टालमटोल करने लगे।
पीड़ित का आरोप है कि जिस जमीन का बैनामा उसकी भाभी सकीला के नाम किया गया था, उसी जमीन को बाद में कथित फर्जीवाड़े के जरिए किसी दूसरे व्यक्ति को बेच दिया गया। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि मामले में शामिल इरफान कथित फर्जीवाड़े के बाद दुबई चला गया है।
पीड़ित का कहना है कि उसने इस मामले की शिकायत स्थानीय पुलिस और अधिकारियों से की थी। उसका दावा है कि थाना स्तर और सीओ खतौली द्वारा मामले की जांच भी की गई, लेकिन अभी तक किसी आरोपी के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।
पीड़ित ने मांग की है कि चक नंबर 1380 के बैनामे और इसके बाद हुए कथित भूमि सौदे की जांच कराई जाए। साथ ही उसके अनुसार बची हुई जमीन का बैनामा कराया जाए या उसके द्वारा दी गई रकम वापस दिलाई जाए। पीड़ित ने यह भी मांग की कि उसकी भाभी सकीला के नाम पहले किए गए बैनामे से जुड़े पूरे मामले की जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई की जाए।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.