मुजफ्फरनगर: 50 लाख के जमीन सौदे में धोखे का आरोप, पीड़ित ने SSP से लगाई न्याय की गुहार

HIGHLIGHTS
- मुजफ्फरनगर में जमीन धोखाधड़ी का मामला सामने आया, पीड़ित ने रालोद नेता के बेटे पर आरोप लगाए।
- करीब तीन बीघा कृषि भूमि का बैनामा धोखे से कराने और पूरी रकम नहीं देने की शिकायत की गई।
- पीड़ित परिवार ने एसएसपी कार्यालय पहुंचकर कार्रवाई की मांग की है।
मुजफ्फरनगर। जमीन हड़पने और लाखों रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। एक परिवार ने राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) नेता के बेटे पर धोखे से करीब तीन बीघा कृषि भूमि का बैनामा कराने का आरोप लगाया है। पीड़ित पक्ष ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई और कार्रवाई की मांग की है।
ग्राम बहादुरपुर, थाना सिखेड़ा निवासी हिमांशु चौधरी ने एसएसपी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उनकी कृषि भूमि खाता संख्या 355, खसरा संख्या 705 का बैनामा 7 जुलाई 2026 को कराया गया था। आरोप है कि यह पूरा मामला साजिश और धोखे के तहत किया गया।
शिकायत के मुताबिक, जमीन का सौदा 50 लाख 29 हजार रुपये में तय हुआ था। इसमें से 10 लाख रुपये दो चेक के माध्यम से दिए गए, जबकि बाकी 40 लाख 29 हजार रुपये बाद में बैंक खाते में भेजने की बात कही गई थी। पीड़ित का आरोप है कि तय रकम में से शेष राशि नहीं दी गई और उनके साथ धोखाधड़ी की गई।
हिमांशु चौधरी ने आरोप लगाया कि बैनामे वाले दिन ही उनसे 3.50 लाख रुपये के आरटीजीएस फॉर्म पर हस्ताक्षर करा लिए गए थे। इसके बाद जब चेक की रकम उनके खाते में पहुंची तो बैंक कर्मचारियों की मिलीभगत से उनकी जानकारी के बिना 3.50 लाख रुपये दूसरे खाते में ट्रांसफर कर दिए गए।
शिकायत में पीड़ित ने बताया कि जब उन्होंने अपनी बकाया 40.29 लाख रुपये की रकम मांगी तो आरोपी पक्ष ने उनके साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित का आरोप है कि सुनियोजित तरीके से धोखाधड़ी कर उनकी जमीन हड़प ली गई और पूरी रकम का भुगतान भी नहीं किया गया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.