अखिलेश यादव ने की गोरखपुर हादसे की जांच की मांग, कहा- सीएम बिना सबूत के आरोप लगा रहे हैं

HIGHLIGHTS
- अखिलेश यादव ने कहा कि विधानसभा चुनाव की तारीख घोषित होते ही भाजपा की हार की इबारत लिख जाएगी।
- सपा अध्यक्ष के मुताबिक, भाजपा जनता का विश्वास खो चुकी है।
- उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनाव को लोकतंत्र, संविधान और आरक्षण बचाने का अंतिम अवसर बताया।
लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि विधानसभा चुनाव की तारीख घोषित होते ही भाजपा की हार तय हो जाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा जनता का भरोसा खो चुकी है। अखिलेश यादव बृहस्पतिवार को सपा मुख्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 का विधानसभा चुनाव लोकतंत्र का आखिरी चुनाव होने के साथ ही संविधान और आरक्षण को बचाने का अंतिम मौका है। भाजपा सरकार में लोगों की बुनियादी समस्याएं हल नहीं हो सकीं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के पास अब केवल बेबुनियाद आरोप लगाने और बिना सिर-पैर की बातें करने का काम रह गया है। अखिलेश ने कहा कि भाजपा पीडीए के खिलाफ साजिश कर रही है। ऐसे समय में पार्टी कार्यकर्ताओं को धैर्य के साथ काम करना चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं को अपनी भाषा पर संयम रखने और व्यवहार व आचरण से दूसरों के सामने उदाहरण प्रस्तुत करने की सलाह दी।
गोरखपुर हादसे की जांच की मांग
गोरखपुर हादसे में मासूम की मौत पर दुख व्यक्त करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि इस घटना से हर कोई दुखी है। उन्होंने पीड़ित परिवार के प्रति गहरी संवेदना प्रकट की और बताया कि परिवार से मिलकर हर संभव मदद करने की बात कह चुके हैं। हादसे पर राजनीति करने वालों को उन्होंने लखनऊ अग्निकांड में जान गंवाने वाले युवक की दुखी मां के साथ हुए दुर्व्यवहार और उन्हें दी गई धमकी की याद दिलाई।
सोशल मीडिया पर हादसे का वीडियो साझा करते हुए अखिलेश ने कहा कि यह वीडियो इस बात का गवाह है कि गोरखपुर में युवक की मौत के मामले में मुख्यमंत्री बिना किसी सबूत के दूसरों पर आरोप लगा रहे हैं, जो निंदनीय है। उन्होंने घटना की सर्वोच्च स्तर पर जांच कराकर सच्चाई सामने लाने की मांग की।
सीएम ने साधा था निशाना, कहा था- ये क्रूरता अक्षम्य
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के रोड शो के दौरान जेसीबी की चपेट में आने से 14 वर्षीय छात्र आर्यवर्धन की मौत के मामले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बृहस्पतिवार को पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उन्होंने घटना पर दुख जताते हुए समाजवादी पार्टी पर हमला बोला। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि सपा के गुंडों ने एक नाबालिग बच्चे को कुचलकर उसकी निर्मम हत्या की है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के परिवार के साथ इस तरह की क्रूरता को माफ नहीं किया जा सकता।
परिवार से मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि मृतक बच्चा चौरी-चौरा की ऐतिहासिक घटना से जुड़े एक प्रमुख क्रांतिकारी के परिवार का सदस्य था। उन्होंने बताया कि ब्रिटिश शासन के खिलाफ संघर्ष के मामले में जिन 172 लोगों को फांसी की सजा सुनाई गई थी, उनमें इस परिवार के बुजुर्ग भी शामिल थे। मुख्यमंत्री के मुताबिक, महामना पंडित मदन मोहन मालवीय के प्रयासों से इन लोगों की फांसी की सजा को आजीवन कारावास में बदलवाने में सफलता मिली थी।
स्वतंत्रता सेनानी परिवार के साथ क्रूरता अक्षम्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के परिवार के साथ इस तरह की क्रूरता अक्षम्य है। उन्होंने इस घटना को समाजवादी पार्टी का इतिहास बताते हुए पार्टी पर निशाना साधा। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह दुख की इस घड़ी में पीड़ित परिवार से मिलने और उनके साथ खड़े होने के लिए आए हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.