निकाह विवाद से किशनगंज में बढ़ी धार्मिक तकरार, देवबंदी-बरेलवी उलेमा ने एक-दूसरे को दी बहस की चुनौती

HIGHLIGHTS
- किशनगंज के पोठिया प्रखंड स्थित अर्राबाड़ी में निकाह को लेकर शुरू हुआ विवाद बढ़ गया है।
- बरेलवी उलेमा ने देवबंदी पक्ष को धार्मिक बहस यानी मुनाजरे की चुनौती दी थी।
- देवबंदी उलेमा ने चुनौती स्वीकार कर दो सवाल रखे और सात दिनों में जवाब मांगा।
किशनगंज। पोठिया प्रखंड के अर्राबाड़ी में निकाह को लेकर शुरू हुआ विवाद अब देवबंदी और बरेलवी विचारधारा के धर्मगुरुओं के बीच धार्मिक बहस की चुनौती तक पहुंच गया है। दोनों पक्षों के बीच इस मुद्दे पर खुलकर बयानबाजी हो रही है।
पोठिया की रजा जामा मस्जिद में आयोजित बैठक में बरेलवी उलेमा ने देवबंदी पक्ष को मुनाजरे यानी धार्मिक विषयों पर तर्क-वितर्क के साथ बहस करने की चुनौती दी थी। देवबंदी उलेमा ने इस चुनौती को स्वीकार करते हुए दो सवाल रखे और सात दिनों के अंदर उनका जवाब देने को कहा।
देवबंदी उलेमा की ओर से मुफ्ती मुनाजिर हुसैन काश्मी ने भी बरेलवी पक्ष के सामने दो सवाल रखे। उन्होंने कहा कि वे धार्मिक पुस्तकों और प्रमाणों के आधार पर बहस करने के लिए तैयार हैं। साथ ही उन्होंने अपने सवालों का जवाब देने के लिए सात दिन का समय दिया।
वहीं, इस्लामपुर में उलेमा परिषद की बैठक के बाद दावा किया गया कि अहले-सुन्नत उलेमा की ओर से देवबंदी पक्ष के पत्र का लिखित जवाब दिया जा चुका है। परिषद ने कहा कि धार्मिक पुस्तकों के आधार पर दलीलें पेश करते हुए बहस की तैयारी की जा रही है।
दूसरी ओर, मुफ्ती मुनाजिर हुसैन काश्मी ने अपने प्रतिप्रश्न में कहा कि यदि देवबंदी और बरेलवी विचारधारा के लोगों के बीच पहले से हुए निकाह को गलत माना जाता है तो ऐसे दंपतियों, उनके बच्चों और आने वाली पीढ़ियों की स्थिति क्या होगी। उन्होंने कहा कि वे अपने सवालों पर कायम हैं और इस मुद्दे पर बहस के लिए तैयार हैं। दोनों पक्षों की ओर से इंटरनेट मीडिया पर लगातार वीडियो साझा किए जा रहे हैं।
पहले से होते रहे हैं दोनों विचारधाराओं के बीच विवाह
जिला परिषद सदस्य इंजीनियर नासिक नदीर, पूर्व सरपंच मजगामा पंचायत अंसार आलम, कन्हैयाबाड़ी निवासी शकील अख्तर, मंसूरा निवासी शिक्षाविद अफ्फान यजदानी और डेरामारी पंचायत के मुखिया शाहबाज आलम सहित अन्य लोगों ने कहा कि शादी-विवाह के मामलों में बरेलवी और देवबंदी विचारधारा को लेकर विवाद नहीं होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि दोनों विचारधाराओं के लोगों के बीच पहले से विवाह होते रहे हैं। सभी मुसलमान एक अल्लाह और पैगंबर हजरत मुहम्मद को मानते हैं। सदियों से शादी-ब्याह के मामलों में देवबंदी और बरेलवी के बीच इस तरह का विवाद नहीं रहा है।
देवबंदी विचारधारा के परिवारों में बरेलवी विचारधारा के लड़के-लड़कियों की शादियां होती रही हैं। इसी तरह बरेलवी विचारधारा के परिवारों में भी देवबंदी विचारधारा के लड़के-लड़कियों के विवाह होते रहे हैं।
देवबंदी और बरेलवी आबादी का आंकड़ा
वर्ष 2011 की जनगणना के मुताबिक किशनगंज जिले में मुस्लिम समुदाय की आबादी करीब 68 प्रतिशत है। इसमें देवबंदी और बरेलवी विचारधारा को मानने वालों की संख्या लगभग बराबर बताई जाती है।
ठाकुरगंज और पोठिया प्रखंड में बरेलवी विचारधारा के लोगों की संख्या अधिक है, जबकि बहादुरगंज और कोचाधामन प्रखंड क्षेत्रों में देवबंदी आबादी ज्यादा है। दोनों विचारधाराओं के बीच दशकों से शादी-ब्याह के संबंध रहे हैं। हालांकि, हाल के दिनों में एक मामले का वीडियो प्रसारित होने के बाद यह विवाद इंटरनेट मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है। दोनों पक्ष एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे हैं। फिलहाल दोनों पक्ष खुद को सही साबित करने में जुटे हैं।
क्या है विवाद की वजह?
इस विवाद की शुरुआत 13 नवंबर को पोठिया प्रखंड के अर्राबाड़ी में एक निकाह के दौरान हुई थी। यहां बरेलवी विचारधारा से जुड़े दूल्हे और देवबंदी विचारधारा से जुड़ी दुल्हन का निकाह होना था।
हालांकि, धार्मिक मान्यताओं को लेकर विवाद खड़ा होने के कारण निकाह नहीं हो पाया। आरोप है कि निकाह से पहले दूल्हे की विचारधारा पर आपत्ति जताई गई थी। उससे देवबंदी धर्मगुरुओं के प्रति अपनी धार्मिक मान्यता स्पष्ट करने या कुछ शर्तें स्वीकार करने की अपेक्षा की गई थी।
इसी मुद्दे पर दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया। इसके बाद माफी मांगने से जुड़ा एक वीडियो सामने आया। बाद में एक दूसरे वीडियो में दावा किया गया कि माफी दबाव डालकर मंगवाई गई थी।
इसके बाद दोनों विचारधाराओं के धर्मगुरुओं की ओर से बयान सामने आने लगे और मामला धार्मिक बहस की चुनौती तक पहुंच गया।
इस बीच किशनगंज के वरिष्ठ उलेमा ने फतवे पर आपत्ति जताई और लोगों से इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित दावों पर ध्यान नहीं देने की अपील की। उन्होंने लोगों को ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड और स्थानीय उलेमा के मार्गदर्शन में चलने की सलाह दी।
सामाजिक एकता बनाए रखने की अपील
मौलाना फैजुर्रहमान नदवी ने कहा कि सीमांचल में देवबंदी और बरेलवी विचारधारा को मानने वाले लोग लंबे समय से एक साथ रहते आए हैं। दोनों समुदायों के बीच वैवाहिक और सामाजिक संबंध भी रहे हैं। ऐसे में इस तरह के विवाद से समाज में आपसी दूरी बढ़ सकती है।
उन्होंने लोगों से आपसी एकता बनाए रखने और विवाद को आगे बढ़ने से रोकने की अपील की। एआईएमआईएम विधायक तौसीफ आलम ने भी लोगों से फिरकों के नाम पर विवाद में शामिल नहीं होने को कहा।
उन्होंने कहा कि सभी मुसलमान एक हैं और आपसी मतभेद को सामाजिक टकराव की वजह नहीं बनने देना चाहिए। बुधरा पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि मुदस्सिर नजर ने बताया कि उनकी पंचायत के एक युवक की शादी अर्राबाड़ी में तय हुई थी, लेकिन विवाद के चलते फिलहाल विवाह रुक गया है।
उन्होंने कहा कि पहले भी दोनों विचारधाराओं के लोगों के बीच कई शादियां हो चुकी हैं। इस मामले का हल दोनों पक्षों को एक साथ बैठकर बातचीत के जरिए निकालना चाहिए। उन्होंने कहा कि खुद को सही साबित करने की कोशिश में ही यह विवाद बढ़ा है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.