राहुल गांधी के विदेश में दिए बयानों पर भाजपा का हमला, एआई मॉडल भेजने की दी सलाह

HIGHLIGHTS
- भारतीय चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठाने को लेकर भाजपा ने राहुल गांधी पर निशाना साधा।
- भाजपा ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी विदेशी धरती से भारत के खिलाफ दुष्प्रचार कर रहे हैं।
- सुधांशु त्रिवेदी ने कांग्रेस को राहुल गांधी का एआई से तैयार संस्करण विदेश भेजने की सलाह दी।
नई दिल्ली। भारतीय चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठाने को लेकर भाजपा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर हमला बोला है। पार्टी ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने विदेशी धरती से भारत के खिलाफ दुष्प्रचार किया और देश की लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने की कोशिश की।
भाजपा ने तंज कसते हुए यह भी कहा कि कांग्रेस को अपने नेता के बजाय उनका आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) से तैयार संस्करण विदेश भेजने पर विचार करना चाहिए, क्योंकि वह बार-बार एक जैसी बातें दोहराते हैं।
भाजपा प्रवक्ता एवं राज्यसभा सदस्य सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि राहुल गांधी का शिकागो में भारत के खिलाफ टिप्पणी करना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि इसी शहर में कभी स्वामी विवेकानंद ने भारत का गौरव बढ़ाया था।
त्रिवेदी ने कहा, "आज हमारे सामने विपक्ष का ऐसा नेता है, जो भारत माता की प्रतिष्ठा को धूमिल कर रहा है। यह कांग्रेस के लिए दुर्भाग्यपूर्ण और भारतीयों के लिए दुखद है।" उन्होंने सुझाव दिया कि कांग्रेस को राहुल गांधी को विदेश भेजने पर खर्च करना बंद कर देना चाहिए और इसके बजाय एआई से तैयार उनका संस्करण भेजने के बारे में सोचना चाहिए। त्रिवेदी ने व्यंग्य करते हुए कहा कि चार विकल्पों के साथ प्रोग्राम किया गया एआई मॉडल राहुल गांधी से बेहतर काम कर सकता है।
उन्होंने कहा, "अगर आप भारत के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करना चाहते हैं तो विकल्प एक दबाएं, प्रधानमंत्री के खिलाफ कुछ कहना चाहते हैं तो विकल्प दो दबाएं, लोकतंत्र को लेकर हंगामा करना चाहते हैं तो विकल्प तीन दबाएं और भारत-विरोधी कोई बात उठाकर अपनी ही पार्टी को शर्मिंदा करना चाहते हैं तो विकल्प चार दबाएं।"
केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजीजू ने भी राहुल गांधी की विदेश यात्राओं के दौरान भारत को लेकर दिए गए बयानों की आलोचना की। उन्होंने कहा कि गांधी को देश की अर्थव्यवस्था को "डेड" बताने से बचना चाहिए, जबकि अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं ने भारत को सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था के तौर पर मान्यता दी है।
रिजीजू ने सवाल उठाया कि यदि भारत में लोकतांत्रिक स्वतंत्रता नहीं है, तो विपक्ष विरोध प्रदर्शन कैसे कर सकता है और सरकार की आलोचना कैसे कर सकता है? उन्होंने राहुल गांधी की टिप्पणियों को भारत की प्रगति को कमजोर करने और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश की छवि खराब करने का प्रयास बताया।
भाजपा प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने राहुल गांधी के बयानों को "परिवार से प्यार लेकिन लोकतंत्र से नफरत" करार दिया। उन्होंने कहा कि गांधी ने एक बार फिर साबित किया है कि वह भारत के लोकतांत्रिक ताने-बाने के खिलाफ हैं।
वहीं, भाजपा प्रवक्ता सीआर केशवन ने भी राहुल गांधी पर विदेशी धरती से भारत की चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता को बदनाम करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया को लेकर लगाए गए आरोपों के समर्थन में राहुल गांधी ने अब तक कोई हलफनामा दाखिल नहीं किया है।
केशवन ने कहा कि राहुल गांधी लगातार चुनावों में असफल हो रहे हैं और जनता उन्हें नकार रही है।
गुरुवार को भाजपा ने राहुल गांधी पर विदेशी धरती से भारतीय लोकतंत्र को 'बीमार' बताने का गंभीर आरोप लगाते हुए उन पर तीखा हमला किया।
हालांकि, समाचार एजेंसियों की ओर से जारी वीडियो में राहुल गांधी को लोकतंत्र के लिए 'सिक' नहीं, बल्कि 'सेक्रेड' शब्द का इस्तेमाल करते हुए सुना जा सकता है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर राहुल गांधी के भाषण की एक क्लिप साझा करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने उन्हें भारत-विरोधी प्रचार का नेता बताया।
भंडारी ने लिखा, 'राहुल गांधी ने विदेशी धरती से भारतीय लोकतंत्र को 'बीमार' बताया है। कांग्रेस भारतीय लोकतंत्र को बीमार कहती है। राहुल ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि उन्हें सिर्फ अपने परिवार से प्यार है और लोकतंत्र से नफरत।'
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.