CM योगी ने कार्यकर्ताओं को दिया चुनावी जीत का मंत्र, बोले- पूरी ताकत लगा दें तो फिर बनेगी सरकार

HIGHLIGHTS
- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भाजपा कार्यकर्ताओं से विधानसभा चुनाव की तैयारियों में पूरी ताकत लगाने का आह्वान किया।
- उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के प्रयास से भाजपा फिर प्रचंड बहुमत से चुनाव जीत सकती है।
- हर वार्ड में जनचौपाल आयोजित कर सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों से सीधा संवाद करने के निर्देश दिए।
गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भाजपा कार्यकर्ताओं से विधानसभा चुनाव की तैयारियों में पूरी ताकत के साथ जुटने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि यदि कार्यकर्ता एक बार फिर अपनी पूरी ऊर्जा लगा दें तो भारतीय जनता पार्टी प्रचंड बहुमत के साथ चुनाव जीत सकती है। मुख्यमंत्री गुरुवार को टाउनहाल मैदान में आयोजित भाजपा महानगर की जनचौपाल में कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे।
आगामी परिस्थितियों को लेकर कार्यकर्ताओं को आगाह करते हुए योगी ने कहा कि माफिया और आपराधिक प्रवृत्ति के गुंडे साढ़े चार साल तक चूहों की तरह अपने बिलों में छिपे रहते हैं, लेकिन चुनाव नजदीक आते ही फिर सड़कों पर सक्रिय दिखाई देने लगते हैं। बुधवार को गोरखपुर की सड़कों पर भी ऐसे ही कुछ गुंडे नजर आए। मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी कि वे विपक्ष के पुराने शासनकाल और मौजूदा सरकार के कामकाज के बीच का अंतर जनता तक पहुंचाएं।
चुनावी तैयारियों की रूपरेखा बताते हुए योगी ने कहा कि संगठन की मजबूती बूथ और वार्ड स्तर पर नजर आनी चाहिए। इसके लिए हर वार्ड में जनचौपाल आयोजित की जाए और सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों से सीधे बातचीत की जाए। कार्यकर्ता रोजाना पांच-पांच संगठनात्मक मंडलों में जनचौपाल लगाने की योजना तैयार करें। महानगर अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष, संयोजक और दूसरे पदाधिकारी मिलकर इस अभियान को आगे बढ़ाएं। लाभार्थियों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ यह भी बताया जाए कि उनके वार्ड में कितने लोगों को आवास, आयुष्मान कार्ड, राशन, पेंशन और अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ मिला है।
मुख्यमंत्री ने विशेष मतदाता पुनरीक्षण को चुनावी तैयारियों का अहम हिस्सा बताते हुए कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर संपर्क करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि मृत मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटवाए जाएं और जिन पात्र लोगों के नाम छूट गए हैं, उन्हें सूची में शामिल कराया जाए। इसके अलावा पहली जनवरी 2027 को 18 वर्ष की उम्र पूरी करने वाले युवाओं का नाम भी मतदाता सूची में दर्ज कराया जाए। विवाह के बाद बेटियों के नाम ससुराल की मतदाता सूची में शामिल कराने पर भी ध्यान देने को कहा। इसके लिए लोगों को फार्म-6, 7 और 8 के इस्तेमाल की जानकारी दी जाए। योगी ने कहा कि मतदाता सूची को शुद्ध करना राष्ट्रीय कर्तव्य है। जनगणना-2027 के तहत 16 से 30 नवंबर तक चलने वाले स्व-गणना अभियान में भी सभी की भागीदारी सुनिश्चित कराई जाए।
बूथ की ताकत से बदल रही विकास की तस्वीर
योगी ने कहा कि कार्यकर्ताओं की बूथ स्तर पर की गई मेहनत से ही सरकार सड़क को सिंगल लेन से टू लेन और फोरलेन में बदल पाती है। इसी ताकत के चलते विश्वविद्यालय, महाविद्यालय, इंजीनियरिंग कॉलेज, पॉलिटेक्निक और आईटीआई की स्थापना होती है। रामगढ़ताल का सुंदरीकरण, गोड़धोइया नाले का निर्माण और धार्मिक स्थलों का विकास भी इसी सामूहिक प्रयास का नतीजा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन और कार्यकर्ताओं के परिश्रम से उत्तर प्रदेश में बदलाव आया है। मुख्यमंत्री ने सपा और बसपा के शासनकाल को पूर्वांचल की बदहाली, इंसेफेलाइटिस और माफिया को संरक्षण दिए जाने से जोड़ते हुए कहा कि आज पूर्वी उत्तर प्रदेश इस बीमारी से मुक्त हो चुका है और हजारों बच्चों का जीवन बचा है। उन्होंने दावा किया कि माफिया पहले ही मिट्टी में मिल चुके हैं। योगी ने कार्यकर्ताओं से जनता को पुराने और मौजूदा शासन के बीच का यह अंतर बताने की अपील की।
प्रशासन को निर्देश, कार्यकर्ताओं की बात सम्मान से सुने
योगी ने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता सिर्फ पार्टी के सक्रिय सदस्यों को ही नहीं, बल्कि प्रदेश की 25 करोड़ जनता को अपना परिवार मानकर काम करता है। वह गरीबों को आवास दिलाने, जरूरतमंदों के इलाज, वरासत और जलभराव जैसी समस्याओं के समाधान के लिए लोगों के बीच पहुंचता है। उन्होंने कहा कि प्रशासन को भी निर्देश दिए गए हैं कि कार्यकर्ताओं की बात सम्मानपूर्वक सुनी जाए।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.