ट्रंप के विमान में पत्रकारों के फोन जब्त, एयर फोर्स वन की मंजिल को लेकर उठे सवाल

HIGHLIGHTS
- एयर फोर्स वन के उड़ान भरने के कुछ समय बाद पत्रकारों के मोबाइल फोन जमा करा लिए गए।
- व्हाइट हाउस के अधिकारियों ने फोन लेने के पीछे सुरक्षा कारणों का हवाला दिया।
- पत्रकारों को मोबाइल फोन जमा कराने के फैसले की पहले से जानकारी नहीं दी गई थी।
वाशिंगटन। चीन के शेनजेन में चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ ऐतिहासिक त्रिपक्षीय शिखर बैठक के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप की वापसी यात्रा के दौरान एक असामान्य घटनाक्रम सामने आया।
गुरुवार को शेनजेन बाओआन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से 'एयर फोर्स वन' के उड़ान भरने के कुछ समय बाद व्हाइट हाउस के अधिकारियों ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए विमान में मौजूद सभी पत्रकारों के मोबाइल फोन जमा करा लिए।
बिना पूर्व सूचना के जमा कराए गए फोन
शेनजेन बाओआन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर ट्रंप के विमान में सवार होने के तुरंत बाद एक रिपोर्टर ने इस घटना की जानकारी दी। उनके मुताबिक, पत्रकारों को बताया गया कि सुरक्षा कारणों से उनके फोन कुछ समय के लिए अपने पास रखे जा रहे हैं।
पत्रकारों को इस व्यवस्था के बारे में पहले से कोई जानकारी नहीं दी गई थी। उन्हें अपनी सीटों पर पहुंचने के बाद ही मोबाइल फोन जमा कराने के फैसले का पता चला। NBC न्यूज के संवाददाता गैरेट हाके ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए व्हाइट हाउस के इस कदम को बेहद असामान्य बताया।
वहीं, फॉक्स न्यूज की संवाददाता जैकी हेनरिक ने विमान के गंतव्य को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, 'फोन लिए जाने से यह संदेह पैदा होता है कि एयर फोर्स वन शायद सीधे अपने देश नहीं जा रहा है।'
छेड़छाड़ की आशंका में चीनी उपकरण सीढ़ियों के पास छोड़े
सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत व्हाइट हाउस की टीम ने कड़े एहतियाती कदम उठाए। खबरों के मुताबिक, शेनजेन से रवाना होने से ठीक पहले व्हाइट हाउस के कर्मचारियों ने चीन सरकार की ओर से जारी पहचान पत्र, प्रतिनिधिमंडल के पिन और अस्थायी फोन विमान की सीढ़ियों के पास ही छोड़ दिए।
अधिकारियों को आशंका थी कि सुरक्षा और जासूसी के नजरिए से इन उपकरणों या सामग्रियों के साथ छेड़छाड़ की गई हो सकती है।
किम जोंग उन से मुलाकात को लेकर भी थी चर्चा
यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया, जब ट्रंप की एशिया यात्रा के दौरान उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन के साथ उनकी संभावित मुलाकात को लेकर अटकलें लगाई जा रही थीं।
वाशिंगटन से रवाना होने से पहले ट्रंप ने संकेत दिया था कि चीन में उनकी किम से मुलाकात हो सकती है। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा था कि इस संबंध में अंतिम फैसला चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग पर निर्भर करेगा।
हालांकि, APEC मंच पर उत्तर कोरिया की गैर-मौजूदगी के बीच शेनजेन में दोनों नेताओं की कोई मुलाकात नहीं हुई।
अब पत्रकारों के फोन जमा कराए जाने के बाद इस बात को लेकर चर्चा तेज हो गई है कि क्या ट्रंप किसी गोपनीय राजनयिक मिशन या किसी अन्य देश के अचानक दौरे पर रवाना हुए हैं।
चीन में पत्रकारों पर पहले भी लगी थीं पाबंदियां
इससे पहले शेनजेन में हुई त्रिपक्षीय बैठकों के दौरान भी अमेरिकी पत्रकारों को कई सख्त पाबंदियों का सामना करना पड़ा था। रिपोर्ट के अनुसार, रूसी अधिकारियों ने दो पत्रकारों को राष्ट्रपति पुतिन और ट्रंप की अनौपचारिक बैठक में शामिल होने से रोक दिया था।
वहीं, चीनी अधिकारियों ने ब्लूमबर्ग के एक पत्रकार को त्रिपक्षीय बैठक से बाहर कर दिया था। बताया गया कि पत्रकार ने एनवीडिया के सीईओ जेनसन हुआंग से जुड़ा एक सवाल जोर से पूछा था।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.