यूपी चुनाव से पहले राहुल-प्रियंका का मेगा प्लान, प्रयागराज-वाराणसी समेत इन शहरों में करेंगे रैलियां

HIGHLIGHTS
- उत्तर प्रदेश में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की चुनावी रैलियों की तैयारी शुरू।
- 10 दिसंबर को राहुल गांधी की रैली प्रस्तावित है।
- सहारनपुर के बाद आगरा, प्रयागराज और वाराणसी में भी सभाएं होंगी।
लखनऊ। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव एवं सांसद प्रियंका गांधी की चुनावी रैलियों को लेकर पार्टी ने उत्तर प्रदेश में तैयारियां शुरू कर दी हैं। सहारनपुर से चुनाव अभियान की शुरुआत करने के बाद राहुल और प्रियंका आगरा, प्रयागराज, वाराणसी समेत अन्य स्थानों पर भी रैलियां करेंगी। इसके लिए संबंधित क्षेत्रों के पदाधिकारियों को तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं।
दिसंबर से शुरू होंगी चुनावी रैलियां
प्रदेश के राजनीतिक हालात को लेकर पिछले दिनों पार्टी प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना, कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष इमरान मसूद और कांग्रेस विधानमंडल दल के नेता वीरेंद्र चौधरी के साथ राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और अन्य नेताओं की बैठक हुई थी। इस बैठक में तय किया गया था कि दिसंबर में पार्टी की चुनावी रैलियों का सिलसिला शुरू होगा।
इसी रणनीति के तहत 10 दिसंबर को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की रैली प्रस्तावित है। इसके बाद दूसरे जिलों में भी चुनावी सभाएं आयोजित की जाएंगी। इस दौरान सीटों के गठबंधन को लेकर बातचीत भी जारी रहेगी।
रैलियों के लिए संभावित स्थलों का चयन
कांग्रेस के प्रदेश कार्यालय ने पार्टी के शीर्ष नेताओं की रैलियों की तैयारियां शुरू कर दी हैं। जिन स्थानों पर रैलियां प्रस्तावित हैं, वहां के पदाधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही सभाओं के लिए संभावित स्थलों और उठाए जाने वाले मुद्दों की जानकारी भी जुटाई जा रही है।
कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने बताया कि राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे समेत पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता भी इस बार उत्तर प्रदेश में समय देंगे। रैलियों के लिए संभावित स्थानों का चयन किया जा रहा है। कार्यक्रम का समय निर्धारित होते ही इसकी घोषणा कर दी जाएगी।
बेरोजगारी और स्थानीय मुद्दों पर रहेगा फोकस
पार्टी सूत्रों के अनुसार, राहुल और प्रियंका गांधी की रैलियों में स्थानीय समस्याओं के अलावा बेरोजगारी और वोट चोरी के मुद्दे प्रमुखता से उठाए जाएंगे। इसी तैयारी के तहत अलग-अलग जिलों के जिलाध्यक्षों से उनके क्षेत्रों में संचालित कल-कारखानों और उनके बंद होने से पड़े प्रभाव की विस्तृत जानकारी मांगी जा रही है, ताकि रैलियों में तथ्यों के साथ रिपोर्ट पेश की जा सके।
इसके अलावा विभिन्न विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में खाली पदों तथा आरक्षण से जुड़े मुद्दों को भी इन चुनावी रैलियों में प्रमुखता से उठाया जाएगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.