सपा से गठबंधन की बातचीत के बीच कांग्रेस में घमासान, सांसद राकेश राठौर ने खोला मोर्चा

HIGHLIGHTS
- सपा और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर दो दौर की बातचीत हो चुकी है।
- कांग्रेस ने पहले 200 सीटों पर चुनाव लड़ने का दावा किया था।
- बातचीत के दौरान कांग्रेस को 26 सीटें मिलने की बात सामने आई।
यूपी: समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन तय होने के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन सीटों के बंटवारे को लेकर कांग्रेस के भीतर ही असहमति सामने आने लगी है। सपा के साथ सीटों पर सहमति बनने से पहले कांग्रेस को अपने नेताओं के बीच एकराय बनाने की चुनौती का सामना करना पड़ रहा है। सीतापुर से कांग्रेस सांसद राकेश राठौर ने पार्टी के कामकाज पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया है कि कुछ नेता बिना किसी से विचार-विमर्श किए फैसले ले रहे हैं। उनका कहना है कि कांग्रेस में जिस तेजी से उभार आया था, उसी रफ्तार से अब निराशा भी बढ़ रही है।
सपा और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर दो दौर की बातचीत हो चुकी है। कांग्रेस ने पहले 200 सीटों पर चुनाव लड़ने का दावा किया था। इसके बाद सपा की ओर से 181 सीटों की सूची दिए जाने की बात सामने आई। बातचीत आगे बढ़ी तो कांग्रेस के हिस्से में केवल 26 सीटें आईं। हालांकि, कुछ अन्य सीटों को लेकर भी चर्चा जारी होने का दावा किया जा रहा है, लेकिन कांग्रेस के भीतर असंतोष बना हुआ है।
इससे पहले सहारनपुर से कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने भी बातचीत की प्रक्रिया पर सवाल उठाए थे। मसूद ने यहां तक आरोप लगाया था कि उन्हें घेरकर 'विलेन' के तौर पर पेश करने की कोशिश की जा रही है, जबकि वह अपनी पार्टी के लिए मांग उठा रहे हैं और संघर्ष कर रहे हैं।
उन्होंने यह भी कहा था कि भाजपा को हराने की पूरी जिम्मेदारी केवल उनके कंधों पर नहीं है। अब सीतापुर सांसद राकेश राठौर ने भी पार्टी के भीतर चल रहे फैसलों को लेकर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम के रवैये पर गंभीर आपत्ति जताई है। राकेश राठौर के मुताबिक, किसी से राय-मशविरा किए बिना ही 200 सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया गया।
सांसदों तक से नहीं ली जा रही राय
राकेश राठौर ने आरोप लगाया कि पार्टी में किसी की राय को महत्व नहीं दिया जा रहा है। यहां तक कि सांसदों से भी विचार-विमर्श करना जरूरी नहीं समझा गया। उन्होंने कहा कि पार्टी में केवल बयानबाजी हो रही है। सुबह-शाम दिए जा रहे बयानों के कारण कांग्रेस अपने लक्ष्य से भटकती जा रही है।
उनका कहना है कि उत्तर प्रदेश में सभी को साथ लेकर सामूहिक रूप से फैसले किए जाने चाहिए। राहुल गांधी के विचारों को जनता तक पहुंचाने के बजाय पार्टी में अपनी तानाशाही चलाने की कोशिश की जा रही है।
राकेश राठौर ने प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना के कामकाज पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि दो महीने बीत चुके हैं, लेकिन संगठन को लेकर उनसे अभी तक कोई कॉल नहीं किया गया है। इसके साथ ही उन्होंने पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के नेतृत्व की तारीफ की।
प्रदेश प्रभारी ने आरोपों को बताया गलत
सांसद राकेश राठौर की ओर से लगाए गए आरोपों पर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि राठौर के आरोप सही नहीं हैं और वह सभी के लिए उपलब्ध रहते हैं। उन्होंने कहा, ''मैं अहंकारी नहीं हूं, ये कहना ठीक नहीं है। अगर उनके मन में कोई बात है तो बैठकर बातचीत हो जाएगी।''
- राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश प्रभारी
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.