आनंद मोहन की रिहाई रद्द होने पर भड़कीं लवली आनंद, पूछा- हर बार उन्हें ही निशाना क्यों बनाया जाता है?

HIGHLIGHTS
- आनंद मोहन की रिहाई निरस्त होने पर पत्नी लवली आनंद ने नाराजगी जताई।
- लवली आनंद ने पूछा कि हर बार आनंद मोहन को ही बलि का बकरा क्यों बनाया जाता है।
- उन्होंने कहा कि इसी कानूनी प्रावधान के तहत आनंद मोहन समेत 37 लोगों को रिहाई मिली थी।
पटना। बिहार के पूर्व सांसद आनंद मोहन की जेल से रिहाई रद्द किए जाने के फैसले पर उनकी पत्नी और शिवहर से जदयू सांसद लवली आनंद ने नाराजगी जाहिर की है। शनिवार को पटना में समर्थकों के साथ हुई अहम बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने सवाल उठाया कि जब इसी नियम के तहत राज्य के 36 अन्य कैदियों को भी रिहा किया गया था, तो हर बार केवल आनंद मोहन को ही निशाना बनाकर 'बलि का बकरा' क्यों बनाया जाता है?
लोकप्रियता को बताया सबसे बड़ी दुश्मन
बैठक में पूर्व सांसद आनंद मोहन के साथ उनके विधायक बेटे चेतन आनंद भी मौजूद रहे। लवली आनंद ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने देशभर में एक समान कानून लागू करने का निर्देश दिया था। इसी के आधार पर बिहार सरकार ने नियमों में बदलाव किया था।
उन्होंने बताया कि इसी कानूनी प्रावधान के तहत आनंद मोहन सहित कुल 37 लोगों को रिहाई मिली थी। लवली आनंद ने सवाल किया कि सुप्रीम कोर्ट के इस आदेश का फायदा देशभर में हजारों लोगों को मिला, लेकिन केवल आनंद मोहन की रिहाई पर ही कार्रवाई क्यों की गई?
सांसद ने आरोप लगाया कि उनके पति के साथ लाखों लोगों का जनसमर्थन जुड़ा हुआ है और अब यही लोकप्रियता उनकी सबसे बड़ी दुश्मन बन गई है।
'न्यायपालिका का पूरा सम्मान करती हूं'
तत्कालीन डीएम जी. कृष्णैया हत्याकांड का उल्लेख करते हुए लवली आनंद भावुक हो गईं। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले में उन्हें भी बेवजह प्रताड़ित किया गया और जेल भेजकर विक्टिम बनाया गया।
उन्होंने दावा किया कि जिस गांव में यह घटना हुई थी, वहां वे लोग मौजूद ही नहीं थे और इस पहलू की सही तरीके से जांच भी नहीं की गई। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि पटना हाईकोर्ट के तत्कालीन मुख्य न्यायाधीश एस.एन. झा की बेंच ने उन्हें निर्दोष मानते हुए जमानत दी थी।
लवली आनंद ने बताया कि उस मुश्किल दौर में पति के जेल में रहने के कारण उन्हें अपने बच्चों को हॉस्टल में रखकर पढ़ाना पड़ा। हालांकि, उन्होंने साफ किया कि वह न्यायपालिका का पूरा सम्मान करती हैं और अदालत की प्रक्रिया पर सवाल नहीं उठा रही हैं। उनका कहना था कि 2007 में सजा सुनाए जाने के समय से जुड़े कानूनी पहलुओं पर विचार किया जाना चाहिए।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.