मुजफ्फरनगर: कांवड़ छूने पर फौजी और कांवड़िए में विवाद, पुलिस ने कराया समझौता

HIGHLIGHTS
- मुजफ्फरनगर के शाहपुर में कांवड़ छूने को लेकर फौजी और कांवड़िए के बीच विवाद का वीडियो सामने आया।
- वायरल वीडियो के बाद कांवड़िए दीपक डांगर ने बताया कि मामला गलतफहमी के कारण हुआ था और दोनों पक्षों में समझौता हो गया है।
- पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को शांत कराया, फिलहाल क्षेत्र में कानून व्यवस्था सामान्य बनी हुई है।
मुजफ्फरनगर के शाहपुर कस्बे से बुधवार को एक वीडियो सामने आया, जिसमें गाड़ी से कांवड़ छू जाने के बाद एक फौजी और कांवड़िए के बीच बहस होती दिखाई दे रही है।
वीडियो में फौजी कथित रूप से कांवड़िए के साथ गाली-गलौज, धमकी और धक्का-मुक्की करता नजर आ रहा है। वीडियो में वह यह कहते हुए भी सुनाई दे रहा है कि अगर कांवड़िया नहीं होता तो वह उसे वहीं मार देता।
घटना के समय मौके पर पुलिसकर्मी भी मौजूद दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, इसके कुछ समय बाद मामले से जुड़ा दूसरा वीडियो भी सामने आया, जिसमें बागपत के बड़ौत निवासी शिवभक्त दीपक डांगर ने पूरे विवाद को लेकर जानकारी दी।
दीपक डांगर ने बताया कि यह मामला केवल गलतफहमी के कारण हुआ था। अब दोनों पक्षों के बीच समझौता हो चुका है और किसी तरह का कोई विवाद बाकी नहीं है। उन्होंने कहा कि वह अपनी कांवड़ यात्रा आगे जारी रख रहे हैं।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कराया मामला शांत
सीओ बुढ़ाना गजेंद्र पाल सिंह ने बताया कि 21 जुलाई की शाम बड़ौत, बागपत निवासी एक कांवड़िया कांवड़ लेकर अपने गंतव्य की ओर जा रहा था। शाहपुर कस्बे में अधिक ट्रैफिक होने के कारण उसकी एक स्थानीय व्यक्ति से टक्कर हो गई, जिसके बाद दोनों के बीच कहासुनी हो गई।
सूचना मिलने के बाद थाना शाहपुर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया। इसके बाद दोनों पक्ष अपने-अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गए।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.