मुजफ्फरनगर में छात्रों पर हमला, नाम पूछकर 8-10 युवकों ने की मारपीट, कार भी तोड़ी

मुजफ्फरनगर के बुढाना कस्बे में दिनदहाड़े छात्रों पर हमले की सनसनीखेज घटना सामने आई है। मास्टर कॉलोनी इलाके में कार सवार छात्रों को 8 से 10 युवकों ने घेरकर लाठी-डंडों से बेरहमी से पीट दिया। पूरी वारदात पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, हमलावरों ने पहले छात्रों की कार को रोका और उनसे नाम पूछने के बाद अचानक हमला कर दिया। इस दौरान आरोपियों ने न सिर्फ छात्रों पर हमला किया, बल्कि कार के शीशे और बोनट को भी नुकसान पहुंचाया। वीडियो में छात्र अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आ रहे हैं।

पुलिस के मुताबिक, यह मामला बुढाना क्षेत्र के कुरथल और कुरालसी गांव के युवकों के बीच पुरानी रंजिश से जुड़ा हुआ है। दोनों पक्ष ठाकुर समाज से संबंधित बताए जा रहे हैं। सीओ बुढाना गजेंद्र पाल सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में कुरथल पक्ष के युवकों द्वारा हमला किए जाने की बात सामने आई है।
पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है और दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वायरल सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अन्य हमलावरों की पहचान की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
घटना के बाद इलाके में तनाव और दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हमला अचानक और बेहद आक्रामक तरीके से किया गया, जिससे लोग सहम गए। पुलिस ने क्षेत्र में अतिरिक्त सतर्कता बढ़ा दी है और हालात पर नजर रखी जा रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.