नक्सल मुक्त बीजापुर में पहली बार मना स्वतंत्रता दिवस, शहीद जवानों के परिजनों का हुआ सम्मान

HIGHLIGHTS
- बस्तर सांसद महेश कश्यप ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली।
- नक्सल अभियान में शहीद जवानों के परिवारों को शॉल और श्रीफल भेंट किए गए।
- बस्तर फाइटर महिला ने सीनियर वर्ग की परेड प्रतियोगिता में पहला स्थान हासिल किया।
नक्सल मुक्त बीजापुर के पहले स्वतंत्रता दिवस पर जिला मुख्यालय स्थित मिनी स्टेडियम में देशभक्ति का माहौल नजर आया। समारोह के मुख्य अतिथि बस्तर सांसद महेश कश्यप ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। इसके बाद राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान का सामूहिक गायन हुआ। इस दौरान आसमान में रंग-बिरंगे गुब्बारे छोड़कर आजादी के पर्व की खुशी मनाई गई।
मुख्य अतिथि ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का प्रदेशवासियों के नाम संदेश पढ़कर सुनाया। उन्होंने जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए विकास और राष्ट्र निर्माण में सभी की भागीदारी का आह्वान किया।
शहीद जवानों के परिजनों को किया सम्मानित
समारोह का भावुक क्षण उस समय आया, जब नक्सल उन्मूलन अभियान में शहीद हुए जवानों के परिजनों को शॉल और श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया। शहीदों के बलिदान को याद करते हुए उनके परिवारों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई।
विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों और पुलिस जवानों को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
परेड प्रतियोगिता में महिला बस्तर फाइटर प्रथम
परेड प्रतियोगिता के सीनियर वर्ग में बस्तर फाइटर महिला ने प्रथम स्थान हासिल किया। सीआरपीएफ बीजापुर दूसरे और डीआरजी जिला पुलिस तीसरे स्थान पर रही।
जूनियर असैन्य वर्ग में एनसीसी ने पहला, एनएसएस ने दूसरा और गाइड ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
स्कूली बच्चों ने देशभक्ति से जुड़ी प्रस्तुतियां देकर समारोह में रंग भर दिया। सांस्कृतिक प्रतियोगिता में कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय बीजापुर प्रथम, एकलव्य आदर्श विद्यालय द्वितीय और कन्या रेसिडेंशियल पोटा केबिन तृतीय रहा।
शांति और विकास की ओर बढ़ते बीजापुर की तस्वीर
लंबे संघर्ष के बाद शांति और विकास की ओर बढ़ते बीजापुर में यह स्वतंत्रता दिवस केवल एक राष्ट्रीय पर्व नहीं, बल्कि बदलते और नए बीजापुर की तस्वीर के रूप में भी नजर आया।
मिनी स्टेडियम में लहराता तिरंगा जिले के लोगों के लिए शांति, सुरक्षा और उज्ज्वल भविष्य की उम्मीद का प्रतीक बना।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.































Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.