NEET UG 2026 Counselling: छात्रों को बड़ी राहत, अब सिर्फ एक बार करनी होगी कॉलेज रिपोर्टिंग

HIGHLIGHTS
- नीट यूजी 2026 काउंसलिंग की तैयारियों की स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने समीक्षा की।
- छात्रों को अब कॉलेज में सिर्फ एक बार फिजिकल रिपोर्टिंग करनी होगी।
- काउंसलिंग में ऑनलाइन रिजाइन, डिजिटल NRI प्रक्रिया और नई हेल्पलाइन की सुविधा शुरू की गई।
नई दिल्ली। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने मंगलवार को नीट यूजी काउंसलिंग 2026 की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि काउंसलिंग प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, मेरिट आधारित, तकनीक संचालित और छात्र हितैषी होनी चाहिए।
नड्डा ने कहा कि अभ्यर्थियों की हर समस्या के समाधान के लिए जरूरी और सक्रिय कदम उठाए जाएं। बैठक में मेडिकल काउंसलिंग कमेटी (MCC), डायरेक्टरेट जनरल ऑफ हेल्थ सर्विसेज (DGHS) और अन्य संबंधित एजेंसियों की तैयारियों की समीक्षा की गई।
इस दौरान काउंसलिंग शेड्यूल, आईटी इंफ्रास्ट्रक्चर, साइबर सुरक्षा, शिकायत निवारण व्यवस्था और उम्मीदवारों के लिए उपलब्ध सुविधाओं पर चर्चा की गई।
अब सिर्फ एक बार करनी होगी कॉलेज में रिपोर्टिंग
नीट यूजी काउंसलिंग 2026 में छात्रों के लिए बड़ी राहत दी गई है। अब सीट आवंटन के बाद अभ्यर्थियों को केवल एक बार ही कॉलेज में फिजिकल रिपोर्टिंग करनी होगी।
सीट मिलने के बाद उम्मीदवार ऑनलाइन फ्रीज या फ्लोट विकल्प चुन सकेंगे। फ्रीज विकल्प चुनने वाले छात्रों को तय समय पर कॉलेज जाकर मूल दस्तावेजों का सत्यापन और प्रवेश शुल्क जमा करना होगा।
वहीं, फ्लोट विकल्प चुनने वाले अभ्यर्थी अगले राउंड में बेहतर सीट के लिए प्रक्रिया में बने रहेंगे। इस दौरान दस्तावेज सत्यापन ऑनलाइन होगा और उन्हें कॉलेज जाने या फीस जमा करने की जरूरत नहीं होगी। तीसरे राउंड के बाद अंतिम सीट मिलने पर ही छात्रों को संस्थान जाकर प्रवेश की औपचारिकताएं पूरी करनी होंगी।
ऑनलाइन सीट छोड़ने की सुविधा
एमसीसी ने इस बार ऑनलाइन रिजाइन सुविधा भी शुरू की है। तय नियमों और समय सीमा के भीतर उम्मीदवार बिना कॉलेज गए एमसीसी पोर्टल के माध्यम से अपनी सीट छोड़ सकेंगे।
PwBD अभ्यर्थियों को राहत
बेंचमार्क दिव्यांग (PwBD) अभ्यर्थियों के लिए मूल्यांकन केंद्रों की संख्या बढ़ाई गई है। अब यह संख्या 16 से बढ़ाकर 61 कर दी गई है।
मेडिकल बोर्ड की ओर से जारी प्रमाणपत्र को अब 'एलिजिबिलिटी सर्टिफिकेट' कहा जाएगा। इसके अलावा, यदि कोई उम्मीदवार मेडिकल बोर्ड के फैसले से संतुष्ट नहीं है तो उसके लिए अपीलीय दिव्यांग मूल्यांकन बोर्ड की व्यवस्था भी की गई है।
NRI प्रवेश प्रक्रिया होगी पूरी तरह डिजिटल
NRI श्रेणी में प्रवेश के लिए अब पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन होगी। उम्मीदवारों को सभी दस्तावेज पोर्टल पर अपलोड करने होंगे और उनका सत्यापन भी ऑनलाइन किया जाएगा।
ईमेल के जरिए दस्तावेज भेजने की पुरानी व्यवस्था को समाप्त कर दिया गया है।
साइबर सुरक्षा और हेल्पलाइन पर जोर
काउंसलिंग प्रक्रिया को सुरक्षित बनाने के लिए राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (NIC) के साथ मिलकर साइबर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है।
अभ्यर्थियों की सहायता के लिए 24×7 टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1800-102-7637 और ईमेल mcc2026@gov.in भी शुरू किया गया है।
जल्द शुरू होगी काउंसलिंग
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने 16 जुलाई 2026 को नीट यूजी 2026 का परिणाम जारी किया था। अब एमबीबीएस, बीडीएस और बीएससी (ऑनर्स.) नर्सिंग की ऑल इंडिया कोटा सीटों के लिए काउंसलिंग जल्द शुरू होने की उम्मीद है।
स्वास्थ्य मंत्री नड्डा ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि पूरी काउंसलिंग प्रक्रिया के दौरान पोर्टल सुचारु रूप से चलता रहे और छात्रों की शिकायतों का जल्द समाधान किया जाए।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.