कटनी की निलंबित DSP नेहा पच्चीसिया पर शिकंजा, लुक आउट नोटिस की तैयारी

HIGHLIGHTS
- कटनी के जमीन सौदेबाजी मामले में तीन आरोपी फरार हैं
- नेहा पच्चीसिया के साथ क्षितिज राज बारापात्रे और मारूफ अहमद हनफी भी आरोपी हैं
- संबंधित एजेंसियों को लुक आउट नोटिस के लिए पत्र भेजा गया
कटनी। कटनी की निलंबित डीएसपी नेहा पच्चीसिया पर अब कानून का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। जिस पुलिस विभाग में वह अधिकारी थीं, उसी विभाग ने उनके खिलाफ लुक आउट नोटिस जारी कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। विदेश भागने की आशंका के बीच यह कदम उठाया गया है। इससे पहले कोर्ट ने उनकी अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी थी और गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया जा चुका है।
विदेश भागने की आशंका, एजेंसियों को भेजा पत्र
कटनी के चर्चित जमीन सौदेबाजी मामले में एफआईआर दर्ज होने के बाद से निलंबित डीएसपी नेहा पच्चीसिया, क्षितिज राज बारापात्रे और मारूफ अहमद हनफी फरार हैं। पुलिस को आशंका है कि गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी विदेश जाने की कोशिश कर सकते हैं। इसी को देखते हुए लुक आउट नोटिस जारी कराने के लिए संबंधित एजेंसियों को पत्र भेजा गया है।
नोटिस जारी होने के बाद अगर आरोपी किसी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट या इमिग्रेशन चेक पोस्ट के जरिए देश से बाहर जाने की कोशिश करते हैं, तो उन्हें रोका जा सकेगा और इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी जाएगी।
अग्रिम जमानत खारिज, गिरफ्तारी के लिए दबिश तेज
इससे पहले नेहा पच्चीसिया और क्षितिज राज बारापात्रे ने गिरफ्तारी से राहत के लिए जिला न्यायालय में अग्रिम जमानत याचिका दायर की थी। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने याचिका खारिज कर दी। कोर्ट से राहत नहीं मिलने के बाद पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई तेज कर दी है।
तीनों आरोपियों पर 10-10 हजार का इनाम
कटनी एसपी अभिनय विश्वकर्मा के अनुसार, तीनों फरार आरोपियों की गिरफ्तारी पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। पुलिस और एसआईटी की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और संभावित ठिकानों की तलाश कर रही हैं।
निलंबित अधिकारी के खिलाफ सख्त कदम से बढ़ी हलचल
इस पूरे मामले में पुलिस विभाग की निलंबित अधिकारी के खिलाफ लुक आउट नोटिस जैसी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू किए जाने से भी हलचल बढ़ गई है। फिलहाल कटनी पुलिस और एसआईटी टीम नेहा पच्चीसिया, मारूफ अहमद हनफी और क्षितिज राज बारापात्रे की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.