तलवार लहराई, उसी से काटा केक और Instagram पर डाला वीडियो; भोपाल में युवक पर FIR

HIGHLIGHTS
- 21 अगस्त को किड्स कैंपस स्कूल के पास मनाया था जन्मदिन
- दोस्तों के साथ सड़क पर आयोजित हुई थी बर्थडे पार्टी
- वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने शुरू की जांच
भोपाल। राजधानी भोपाल में इंटरनेट मीडिया पर रौब दिखाने के चक्कर में एक युवक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई है। कोलार इलाके में जन्मदिन की पार्टी के दौरान युवक ने सार्वजनिक स्थान पर तलवार लहराकर उसी से केक काटा। जश्न का वीडियो उसने इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर दिया, जो देखते ही देखते वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए युवक के खिलाफ आर्म्स एक्ट समेत संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज की है।
सड़क पर दोस्तों के साथ मनाया जन्मदिन
कोलार रोड थाना पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान सर्वधर्म सी-सेक्टर, कोलार रोड निवासी विशाल पाठक, पिता राजेश पाठक के रूप में हुई है। बताया गया कि 21 अगस्त को उसने किड्स कैंपस स्कूल के पास दोस्तों के साथ जन्मदिन मनाया था।
जन्मदिन की पार्टी के दौरान विशाल ने तलवार हवा में लहराई और फिर उसी हथियार से केक काटा। इसका वीडियो भी उसने इंटरनेट मीडिया पर अपलोड किया। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस की नजर इस पर गई।
वायरल वीडियो से पुलिस तक पहुंचा मामला
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने इसकी जांच शुरू की। सार्वजनिक स्थान पर हथियार का प्रदर्शन करने से लोगों में भय का माहौल बनने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने कार्रवाई की। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के साथ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है।
पुलिस अब वायरल वीडियो के आधार पर उस तलवार का पता लगाने में जुटी है, जिसका इस्तेमाल केक काटने में किया गया था। इसके साथ ही जन्मदिन की पार्टी में मौजूद अन्य युवकों और घटनास्थल से जुड़े तथ्यों की भी जांच की जा रही है।
इंटरनेट मीडिया प्रोफाइल पर खुद को बताया बीजेपी कार्यकर्ता
पुलिस की जांच में यह भी सामने आया है कि विशाल की इंटरनेट मीडिया प्रोफाइल पर वह खुद को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का कार्यकर्ता बताता है। हालांकि, पुलिस ने वायरल वीडियो में सामने आए घटनाक्रम और दर्ज प्रकरण के आधार पर कार्रवाई की है। मामले की आगे की जांच जारी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.