ओमान तट पर भारतीय जहाज पर हमला, एक भारतीय नाविक की मौत; 19 को बचाया गया

HIGHLIGHTS
- ओमान के पूर्वी तट पर MV Cape Dao पर हमला हुआ।
- जहाज भारत आ रहा था।
- जहाज पर 20 भारतीय नागरिक सवार थे।
- हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई।
- 19 भारतीय नाविकों को बचा लिया गया।
दुबई। भारत आ रहे कमर्शियल जहाज एमवी केप दाओ पर हुए हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई। ओमान में भारतीय दूतावास ने बुधवार को कहा कि वह घटना पर बारीकी से नजर बनाए हुए है। विदेश मंत्रालय ने भी ओमान के पूर्वी तट पर कमर्शियल जहाज एमवी केप दाओ पर हुए हमले की निंदा की है।
जहाज पर सवार 20 भारतीय नाविकों में से 19 को बचा लिया गया है। विदेश मंत्रालय ने मृतक के परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। मंत्रालय ने कहा कि ओमान स्थित भारतीय दूतावास स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है और भारतीय नाविकों की जल्द वापसी के लिए ओमान के अधिकारियों के साथ सक्रिय रूप से समन्वय कर रहा है।
भारत ने दी कड़ी प्रतिक्रिया
विदेश मंत्रालय ने कहा कि वह भारतीय नाविकों की वापसी के लिए ओमान के अधिकारियों के सहयोग के लिए उनका धन्यवाद करता है। मंत्रालय के मुताबिक, इस क्षेत्र में कमर्शियल जहाजों पर लगातार हो रहे हमले बेहद चिंताजनक हैं। भारत ने तनाव कम करने और क्षेत्र में जल्द शांति बहाल करने के लिए बातचीत और कूटनीति की अपील दोहराई है।
मंत्रालय ने कहा कि इलाके में कमर्शियल शिपिंग, समुद्री कर्मचारियों और आम लोगों के लिए जरूरी बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया जाना बंद होना चाहिए। साथ ही, क्षेत्र के अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों से बिना किसी रुकावट के आवाजाही और व्यापार को जल्द से जल्द फिर शुरू किया जाना चाहिए।
जहाज पर 20 भारतीय नाविक थे सवार
फॉरवर्ड सीमेन्स यूनियन ऑफ इंडिया (FSUI) के मुताबिक, जहाज पर दो टॉरपीडो से हमला हुआ। इनमें से एक टॉरपीडो पोर्ट साइड C-डेक पर लगा, जहां क्रू के रहने की जगह है। दूसरा टॉरपीडो इंजन रूम के पास पोर्ट साइड हल यानी जहाज के बाहरी ढांचे से टकराया। जहाज पर कुल 20 भारतीय नागरिक सवार थे।
FSUI ने एक बयान में कहा कि हमले के बाद इस इलाके में नाविकों की सुरक्षा को लेकर किए जा रहे दावों का कोई मतलब नहीं रह गया है। यूनियन ने कहा कि होर्मुज और उसके आसपास के इलाकों में बेगुनाह आम नाविकों की हत्या की जा रही है।
संगठन ने घटना के लिए तत्काल जवाबदेही तय करने, इस इलाके से गुजरने वाले नाविकों के लिए सुरक्षित रास्ता सुनिश्चित करने और यादव तथा 'खतरे में मौजूद हर भारतीय नाविक' को न्याय दिलाने की मांग की है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.