जौहर यूनिवर्सिटी मामले पर OP राजभर का अखिलेश यादव पर हमला, बोले- 'जैसी करनी वैसी भरनी'

HIGHLIGHTS
- मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने जौहर यूनिवर्सिटी मामले को लेकर सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधा और कार्रवाई को लेकर सवाल उठाए।
- राजभर ने आरोप लगाया कि जौहर यूनिवर्सिटी के निर्माण में सरकारी जमीन और संसाधनों का इस्तेमाल किया गया था।
- उन्होंने कहा कि अवैध निर्माण पर डबल इंजन सरकार में कानून के तहत कार्रवाई जारी रहेगी।
लखनऊ। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष और मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने अब जौहर यूनिवर्सिटी को लेकर सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधा है। राजभर पिछले कुछ समय से लगभग हर सुबह ‘एक्स’ पर अखिलेश यादव के नाम पोस्ट कर अपनी बात रख रहे हैं।
उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा, “प्रिय अखिलेश जी, ये डबल इंजन की सरकार है, अवैध मकानों पर बुलडोजर चलेगा ही। उम्मीद है कि इस पर आप बेचैन जरूर होंगे।”
राजभर ने आगे लिखा कि जौहर यूनिवर्सिटी मामले में कानून अपना काम कर रहा है, इसलिए उम्मीद है कि अखिलेश यादव इसको लेकर परेशान होंगे। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि जिस जौहर यूनिवर्सिटी का निर्माण सपा सरकार के समय हुआ, उसमें अरबों रुपये की जमीन किसकी थी? उन्होंने दावा किया कि वह जमीन सरकार की थी।
आजम खान के रिश्तेदारों को मिली नौकरी
ओम प्रकाश राजभर ने आरोप लगाया कि आजम खान ने सरकारी संसाधनों का इस्तेमाल कर अवैध यूनिवर्सिटी खड़ी की और बाद में ट्रस्ट बनाया। उन्होंने लिखा कि हिंदुओं ने टैक्स दिया और आजम खान के रिश्तेदारों को नौकरी मिली।
राजभर ने कहा कि जौहर यूनिवर्सिटी के लिए आजम खान ने सैफई परिवार के साथ मिलकर जो किया, उस पर किसी को भी शर्म आ सकती है।
उन्होंने आगे लिखा कि अब जब कार्रवाई हो रही है तो बेचैनी क्यों बढ़ रही है। राजभर ने कहा कि परेशान होने की जरूरत नहीं है, बल्कि यह पश्चाताप का समय है। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा, “जैसी करनी वैसी भरनी।”
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.