‘महिलाओं को भेजकर मुझे फंसाने की कोशिश होती है’, प्रीतम लोधी के कथित बयान का वीडियो वायरल

HIGHLIGHTS
- मामला शिवपुरी के खनियांधाना में आयोजित सभा से जुड़ा है।
- सभा लोकमाता देवी अहिल्याबाई होलकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त किए जाने के विरोध में हुई थी।
- वीडियो में विधायक कुछ लोगों पर उन्हें फंसाने की कोशिश का आरोप लगाते दिख रहे हैं।
शिवपुरी के खनियांधाना में लोकमाता देवी अहिल्याबाई होलकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त किए जाने के विरोध में आयोजित सभा के दौरान पिछोर विधायक प्रीतम लोधी के कथित बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में विधायक महिलाओं को लेकर कुछ गंभीर दावे करते नजर आ रहे हैं। विधायक ने आरोप लगाया कि कुछ लोग महिलाओं को उनके आसपास भेजकर उन्हें फंसाने का प्रयास करते हैं। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
वायरल वीडियो में विधायक ने क्या कहा?
वायरल वीडियो में विधायक प्रीतम लोधी कथित तौर पर कहते नजर आ रहे हैं, 'मेरे पास डाक बंगले पर महिलाओं को पहुंचा देंगे, खुद नहीं आएंगे। जाओ, लड़ो, कुछ कहो... उल्टी-सीधी बात करो। वे आती हैं, उल्टी-सीधी करती हैं, तो मैं समझ जाता हूं कि ये शातिर दिमाग की है। एक मोबाइल लेकर बगल में खड़े रहते हैं। हम लड़ेंगे तो ये कुछ कहेगा और कुछ कहेगा तो फंसाने की कोशिश करेंगे।'
उन्होंने आगे कहा, 'जिन महिलाओं में से मुझे बताया गया कि ये महिला रचना रच रही है, तुम्हारे दाएं-बाएं महिला पहुंचाते हैं। कईयों को तो ऐसी पहुंचा देंगे कि 'पटा लो' जाएं। सारे छत्र लगवा देंगे।'
महिलाओं को भेजकर फंसाने का आरोप
20 अगस्त को खनियांधाना में आयोजित सभा में पिछोर विधायक प्रीतम लोधी ने कथित तौर पर कहा कि कुछ लोग उन्हें फंसाने के लिए उनके आसपास महिलाओं को भेजते हैं। विधायक के मुताबिक, कुछ लोग मोबाइल लेकर उनके आसपास खड़े रहते हैं और उनके कुछ कहने का इंतजार करते हैं, ताकि बाद में उस वीडियो के जरिए उन्हें निशाना बनाया जा सके।
वायरल वीडियो में विधायक यह भी दावा करते सुनाई दे रहे हैं कि एक महिला ने उन्हें इस तरह की कथित साजिश के बारे में जानकारी दी थी। उनके अनुसार, कुछ महिलाओं को उनके पास भेजकर बातचीत करने या उन्हें 'पटाने' की कोशिश की जाती है। विधायक ने कथित तौर पर यह भी कहा कि जब ऐसी महिलाएं उनके आसपास आती हैं तो उन्हें अंदाजा हो जाता है कि मामला क्या है। उन्होंने महिलाओं के व्यवहार को लेकर भी टिप्पणी की।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
प्रीतम लोधी के इस कथित बयान का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और इसे लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। बयान को लेकर राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर भी चर्चा शुरू हो गई है। हालांकि, वायरल वीडियो में किए गए दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.