मध्य प्रदेश में सांची दूध हुआ महंगा, 14 नवंबर से लागू होंगी नई कीमतें

HIGHLIGHTS
- मध्य प्रदेश में सांची पैक्ड दूध की कीमतों में बढ़ोतरी की गई है।
- नई दरें 14 नवंबर 2026 से लागू होंगी।
- दूध की अलग-अलग श्रेणियों में एक से चार रुपये प्रति लीटर तक दाम बढ़े हैं।
मध्य प्रदेश में दूध उपभोक्ताओं को अब महंगाई का एक और झटका लगा है। अमूल के बाद मध्य प्रदेश स्टेट को-ऑपरेटिव डेयरी फेडरेशन (एमपीसीडीएफ) ने भी सांची पैक्ड दूध की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। दूध की नई दरें 14 नवंबर 2026 से लागू होंगी। फेडरेशन ने अलग-अलग श्रेणियों के दूध के दाम प्रति लीटर एक रुपये से लेकर चार रुपये तक बढ़ाए हैं।
नई दरों का विवरण
संशोधित मूल्य सूची के मुताबिक, अब एक लीटर फुल क्रीम दूध के लिए ग्राहकों को 74 रुपये चुकाने होंगे। पहले इसकी कीमत 70 रुपये थी। वहीं, 500 मिलीलीटर फुल क्रीम दूध का पैकेट अब 35 रुपये के बजाय 37 रुपये में मिलेगा। एक लीटर स्टैंडर्ड दूध की कीमत 63 रुपये से बढ़ाकर 67 रुपये कर दी गई है, जबकि आधा लीटर का पैकेट अब 32 रुपये की जगह 34 रुपये का होगा।
टोन्ड दूध के दाम भी बढ़ाए गए हैं। एक लीटर टोन्ड दूध अब 58 रुपये के बजाय 59 रुपये में मिलेगा। वहीं, 500 मिलीलीटर पैकेट की कीमत 29 रुपये से बढ़ाकर 30 रुपये कर दी गई है। गाय के एक लीटर दूध का नया मूल्य 64 रुपये होगा। इसके अलावा डबल टोन्ड दूध का 500 मिलीलीटर पैकेट 27 रुपये से बढ़कर 28 रुपये, स्किम्ड दूध का एक लीटर पैकेट 47 रुपये से बढ़कर 49 रुपये और 500 मिलीलीटर पैकेट 24 रुपये से बढ़कर 25 रुपये हो गया है।
चाह अथवा अमृत दूध की एक लीटर की कीमत 62 रुपये से बढ़ाकर 65 रुपये कर दी गई है। वहीं, टी स्पेशल दूध अब 56 रुपये के बजाय 58 रुपये प्रति लीटर की दर से मिलेगा।
लागत बढ़ने से बढ़े दूध के दाम
सांची दूध की नई कीमतें भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, जबलपुर और बुंदेलखंड दुग्ध संघों के विपणन क्षेत्रों में लागू होंगी। मध्य प्रदेश के बाहर भी जिन क्षेत्रों में दुग्ध संघों की ओर से सांची दूध बेचा जाता है, वहां भी इसी अनुपात में कीमतें बढ़ाई जाएंगी।
एमपीसीडीएफ के प्रबंध संचालक जयदेव बिस्वास ने बताया कि दूध की खरीद, पैकिंग सामग्री और परिवहन पर होने वाला खर्च लगातार बढ़ रहा है। दुग्ध संघों का वित्तीय संतुलन बनाए रखने के लिए दूध की कीमतों में इजाफा करना जरूरी हो गया था।
अमूल भी बढ़ा चुका है दूध की कीमतें
सांची से पहले अमूल ने भी 12 नवंबर से दूध के दाम बढ़ाए थे। कंपनी ने प्रति लीटर दो से चार रुपये तक की बढ़ोतरी की थी। इसके बाद अमूल गोल्ड के एक लीटर पैकेट की कीमत 70 रुपये से बढ़कर 74 रुपये हो गई है। वहीं, अमूल फ्रेश अब 57 रुपये के बजाय 59 रुपये में मिल रहा है। दो प्रमुख ब्रांडों की कीमतों में लगातार हुई इस बढ़ोतरी का असर आम लोगों के घरेलू बजट पर पड़ेगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.