MP में दो साल में खुलेंगे 22 नए मेडिकल कॉलेज, MBBS की सीटें बढ़कर होंगी 18 हजार

HIGHLIGHTS
- मध्य प्रदेश में अगले दो वर्षों में 22 नए मेडिकल कॉलेज शुरू करने की तैयारी।
- प्रदेश में मेडिकल कॉलेजों की संख्या बढ़कर 56 हो जाएगी।
- MBBS की सीटें 6,050 से बढ़कर 18,050 तक पहुंचेंगी।
भोपाल। मध्य प्रदेश में चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र को और विस्तार देने के लिए अगले दो वर्षों में 22 नए मेडिकल कॉलेज शुरू करने की योजना बनाई जा रही है। इनके शुरू होने के बाद प्रदेश में मेडिकल कॉलेजों की संख्या बढ़कर 56 हो जाएगी। वहीं, एमबीबीएस की सीटें भी मौजूदा 6,050 से बढ़कर 18,050 तक पहुंच जाएंगी।
नए मेडिकल कॉलेज खोलने के साथ ही पहले से संचालित चिकित्सा महाविद्यालयों में भी सीटों की संख्या बढ़ाई जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों को तय लक्ष्य के अनुसार कार्य करने के निर्देश दिए।
11 जिलों में पीपीपी मॉडल से खुलेंगे नए मेडिकल कॉलेज
मुख्यमंत्री ने मुरैना, गुना, भिंड, टीकमगढ़, अशोकनगर, बालाघाट, सीधी, खरगोन, शाजापुर, रायसेन और झाबुआ में पीपीपी मॉडल के तहत स्थापित किए जाने वाले 11 मेडिकल कॉलेजों के लिए जल्द नई निविदाएं जारी करने के निर्देश दिए। इसके अलावा बैतूल, कटनी, धार और पन्ना में पीपीपी मॉडल पर बनने वाले मेडिकल कॉलेजों के निर्माण कार्य की नियमित निगरानी करने और तय समय-सीमा में उनका संचालन शुरू कराने को कहा।
छह नए सरकारी मेडिकल कॉलेजों का निर्माण जारी
बैठक में अधिकारियों ने जानकारी दी कि वर्तमान में प्रदेश में 20 सरकारी और 14 निजी मेडिकल कॉलेज संचालित हैं। इनके अतिरिक्त छतरपुर, दमोह, बुधनी, उज्जैन, राजगढ़ और मंडला में छह नए शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय स्थापित किए जा रहे हैं। इनमें छतरपुर, दमोह और बुधनी के भवनों का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि उज्जैन, राजगढ़ और मंडला में निर्माण कार्य जारी है।
वहीं, बैतूल, कटनी, धार और पन्ना में पीपीपी मॉडल के तहत मेडिकल कॉलेजों का संचालन करने के लिए अनुबंध भी किए जा चुके हैं। इसके साथ ही 11 अन्य जिलों में नए मेडिकल कॉलेज स्थापित करने के लिए निविदा प्रक्रिया शुरू की जाएगी। प्रदेश में एक नए निजी मेडिकल कॉलेज की स्थापना का प्रस्ताव भी है।
12 हजार से अधिक अतिरिक्त एमबीबीएस सीटें होंगी उपलब्ध
इस योजना के तहत आगामी दो वर्षों में कुल 22 नए चिकित्सा महाविद्यालय शुरू किए जाने का लक्ष्य रखा गया है। इन कॉलेजों से मिलने वाली सीटों और मौजूदा मेडिकल कॉलेजों में सीटों की संख्या बढ़ाने के बाद प्रदेश को 12 हजार से अधिक अतिरिक्त एमबीबीएस सीटें मिलेंगी। बैठक में विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.