नीट पेपर लीक मामले पर बांसवाड़ा में प्रदर्शन, पुलिस ने किया लाठीचार्ज

HIGHLIGHTS
- नीट पेपर लीक मामले को लेकर बांसवाड़ा में कांग्रेस-बीएपी का प्रदर्शन।
- कलेक्ट्रेट में प्रवेश को लेकर पुलिस ने किया लाठीचार्ज।
- प्रदर्शन के बाद स्थिति हुई सामान्य, पुलिस बल रहा तैनात।
बांसवाड़ा। नीट पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर गुरुवार को कांग्रेस और भारत आदिवासी पार्टी (बीएपी) के कार्यकर्ताओं ने बांसवाड़ा में प्रदर्शन किया। कलेक्ट्रेट परिसर में प्रवेश को लेकर हुए विवाद के बाद पुलिस ने लाठीचार्ज किया, जिससे प्रदर्शनकारी वहां से हट गए।
कांग्रेस, बीएपी और छात्र संगठनों से जुड़े युवा पहले कुशलबाग में एकत्र हुए। इसके बाद सभी कार्यकर्ता रैली के रूप में कलेक्ट्रेट पहुंचे। प्रदर्शन में कांग्रेस के सरपंच सुभाष निनामा, अरविंद डामोर और बीएपी के हेमंत राणा समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कलेक्ट्रेट के मुख्य द्वार पर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था का हवाला देते हुए सभी प्रदर्शनकारियों को एक साथ परिसर में जाने की अनुमति नहीं दी। अधिकारियों ने कहा कि ज्ञापन देने के लिए केवल पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल को अंदर जाने दिया जाएगा। वहीं, प्रदर्शनकारी सभी कार्यकर्ताओं के साथ कलेक्ट्रेट में प्रवेश कर ज्ञापन सौंपने की मांग पर अड़े रहे और मुख्य गेट पर धरने पर बैठ गए।
काफी देर तक पुलिस अधिकारियों और प्रदर्शनकारियों के बीच बातचीत और समझाइश का दौर चलता रहा, लेकिन कोई सहमति नहीं बन सकी। इसके बाद कुछ प्रदर्शनकारी मुख्य द्वार की ओर बढ़े और गेट खोलने का प्रयास करने लगे। पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन स्थिति बिगड़ने लगी।
हालात को देखते हुए पुलिस ने भीड़ को पीछे हटाने के लिए लाठीचार्ज किया। इसके बाद प्रदर्शनकारी मौके से हट गए और धीरे-धीरे स्थिति सामान्य हो गई।
प्रदर्शन के दौरान डीएसपी मनीष चारण, कोतवाली थाना प्रभारी नागेंद्र सिंह समेत कोतवाली और राजतालाब थाना पुलिस का भारी बल तैनात रहा। पुलिस ने पूरे समय कलेक्ट्रेट परिसर की सुरक्षा व्यवस्था संभाले रखी। घटना के बाद कुछ समय तक इलाके में तनाव की स्थिति रही, हालांकि बाद में हालात नियंत्रण में बताए गए।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.