पुष्कर मेले 2026 का आगाज, 21 करोड़ का घोड़ा गोल्डन किंग बना आकर्षण का केंद्र

HIGHLIGHTS
- राजस्थान के अजमेर जिले में अंतरराष्ट्रीय पुष्कर मेले 2026 का शुभारंभ हुआ।
- मंगलवार को पूजा-अर्चना, ध्वजारोहण और नगाड़ा वादन के साथ मेले की शुरुआत हुई।
- पर्यटन विभाग के मुख्य सांस्कृतिक और धार्मिक कार्यक्रम 17 से 24 नवंबर तक चलेंगे।
जयपुर। राजस्थान के अजमेर जिले में विश्व प्रसिद्ध अंतरराष्ट्रीय पुष्कर मेले 2026 की शुरुआत मंगलवार को पारंपरिक पूजा-अर्चना, ध्वजारोहण और नगाड़ा वादन के साथ हुई। पर्यटन विभाग की ओर से आयोजित मुख्य सांस्कृतिक और धार्मिक कार्यक्रम 17 से 24 नवंबर 2026 तक चलेंगे। मेले में शामिल होने के लिए देश और विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक, श्रद्धालु और पशुपालक पहुंचे हैं।
मेले के मैदान में भारतीय और विदेशी पर्यटकों के बीच 'चक दे इंडिया' थीम पर फुटबॉल मुकाबला भी आयोजित किया गया। वहीं, पहले दिन शाम को पुष्कर सरोवर के सभी 52 घाटों पर सामूहिक दीपदान किया गया।
कार्तिक पूर्णिमा तक चलने वाले इस मेले के धार्मिक आयोजन 20 नवंबर यानी एकादशी से पंचतीर्थ महास्नान के साथ शुरू होंगे। इस दौरान धार्मिक मेले में संतों और महंतों के शाही स्नान की परंपरा भी निभाई जाएगी। इसके लिए देश के विभिन्न हिस्सों से संत पुष्कर पहुंचेंगे।
21 करोड़ रुपये का घोड़ा बना मेले का सबसे बड़ा आकर्षण
पुष्कर में इन दिनों अंतरराष्ट्रीय पशु मेले की रौनक चरम पर है। यहां 21 करोड़ रुपये कीमत का घोड़ा 'गोल्डन किंग' लोगों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। उसकी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विशेष रूप से बाउंसर तैनात किए गए हैं।
सूरत से लाए गए मारवाड़ी नस्ल के इस घोड़े की ब्रीडिंग फीस करीब डेढ़ लाख रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा एक करोड़ रुपये कीमत वाली 'नगीना' नाम की घोड़ी भी मेले में लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच रही है।
मेले में 800 किलो वजन का भैंसा 'छोटा सुल्तान' भी आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। वहीं, दुनिया की सबसे छोटी गाय को देखने के लिए भी लोग उत्सुक नजर आ रहे हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.