सुबह-सुबह लखनऊ के कई इलाकों में बारिश, 17 से 22 जुलाई तक कई जिलों में बारिश के आसार

HIGHLIGHTS
- यूपी में मानसून फिर सक्रिय होने वाला है, 17 से 22 जुलाई तक कई जिलों में बारिश के आसार।
- लखनऊ समेत कई क्षेत्रों में गुरुवार सुबह हुई बारिश से लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली।
- मौसम विभाग ने पूर्वी यूपी से बारिश बढ़ने की संभावना जताई, तराई और पश्चिमी क्षेत्रों में भी असर पहुंचेगा।
उत्तर प्रदेश में एक बार फिर मानसून रफ्तार पकड़ने वाला है। पिछले कुछ दिनों से कमजोर पड़े मानसून के बीच गुरुवार सुबह राजधानी लखनऊ समेत कई इलाकों में बारिश हुई, जिससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि शुक्रवार 17 जुलाई से प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं और 22 जुलाई तक कई जिलों में अच्छी बारिश होने की संभावना है।
क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, मानसून की सक्रियता की शुरुआत पूर्वी उत्तर प्रदेश से होगी। इसके बाद अगले दो दिनों में बारिश का प्रभाव मध्यांचल और पश्चिमी यूपी के क्षेत्रों तक पहुंच सकता है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, बीते कुछ दिनों से मानसून द्रोणी और चक्रवाती परिसंचरण की स्थिति तराई क्षेत्रों की ओर बनी हुई थी, जिसके चलते पूर्वी तराई के कुछ हिस्सों में ही बारिश दर्ज की जा रही थी। अब मौसम की परिस्थितियां बदलने से प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में बारिश की संभावना बढ़ गई है।
17 से 22 जुलाई तक बारिश का अनुमान
मौसम विभाग ने बताया कि 17 जुलाई से 22 जुलाई के बीच उत्तर प्रदेश के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। हालांकि गुरुवार के लिए किसी भी जिले में भारी बारिश का अलर्ट जारी नहीं किया गया है। हवा में नमी बढ़ने के कारण कुछ इलाकों में उमस भरी गर्मी परेशान कर सकती है।
प्रयागराज रहा सबसे गर्म
बुधवार को प्रयागराज प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं कई जिलों में बारिश भी हुई। अंबेडकर नगर में सबसे अधिक 75 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि हमीरपुर में 54 मिमी, मथुरा में 44 मिमी, अयोध्या में 42 मिमी और गोरखपुर में 38 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.