नेपाल में तबाही के बीच पोखरा में फंसे राकेश टिकैत, वीडियो जारी कर बताया कब लौटेंगे दिल्ली

HIGHLIGHTS
- पोखरा से राकेश टिकैत ने जारी किया वीडियो
- लगातार बारिश से कई रास्ते हुए बंद
- यात्रा के दौरान वाहन वहीं छोड़ना पड़ा
नेपाल में आई प्राकृतिक त्रासदी के बीच किसान नेता राकेश टिकैत पोखरा में फंस गए हैं। उन्होंने पोखरा से वीडियो जारी कर बताया कि वह और उनके साथ गया डेलिगेशन पूरी तरह सुरक्षित है। टिकैत के मुताबिक, त्रासदी के बाद कई रास्ते बंद हो गए हैं, जिसके चलते उन्होंने अपनी गाड़ी वहीं छोड़ दी। अब वह फ्लाइट से पोखरा से काठमांडू जाएंगे और वहां से दिल्ली लौटेंगे।
राकेश टिकैत ने सोशल मीडिया पर जारी वीडियो में बताया कि वह इस समय नेपाल के पोखरा में हैं और उनके साथ मौजूद 8-9 सदस्यों का पूरा डेलिगेशन सुरक्षित है। वीडियो में उन्होंने पोखरा का मौसम और लगातार हो रही बारिश भी दिखाई। टिकैत ने कहा कि नेपाल में हालात बेहद खराब हैं और बारिश के चलते कई जगहों पर रास्ते बंद हो गए हैं।
उन्होंने बताया कि जिस वाहन से वह यात्रा कर रहे थे, रास्ते बंद होने के कारण उसे वहीं छोड़ना पड़ा। अब उन्हें फ्लाइट के टिकट मिल गए हैं और वह पहले काठमांडू जाएंगे। इसके बाद वहां से दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
टिकैत ने नेपाल में फंसे भारतीय पर्यटकों को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि त्रासदी से बड़ी संख्या में लोग प्रभावित हुए हैं और कुछ पर्यटकों के फंसे होने की जानकारी सामने आई है। उन्होंने कहा कि किसी भी देश का पर्यटक हो, संकट की इस घड़ी में उसकी मदद की जानी चाहिए।
किसान नेता ने बताया कि नेपाल में अपने स्थानीय किसान संगठनों के लोगों से भी वह संपर्क कर रहे हैं, ताकि प्रभावित लोगों और बाहर से आए पर्यटकों की मदद की जा सके।
राकेश टिकैत ने वीडियो में बताया कि उनकी टीम फिलहाल पोखरा में सुरक्षित है। योजना के अनुसार वह फ्लाइट से काठमांडू पहुंचेंगे और इसके बाद भारत लौटेंगे। उन्होंने कहा कि 28 अगस्त की रात तक उनके भारत वापस पहुंचने की उम्मीद है।
वीडियो के जरिए टिकैत ने फोन कर उनकी कुशलक्षेम पूछने वाले शुभचिंतकों का भी धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि उनकी पूरी टीम सुरक्षित है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.