मुजफ्फरनगर: नाबालिग से दुष्कर्म मामले में 5वीं गिरफ्तारी, इरशाद अली उर्फ डॉ. सम्राट गिरफ्तार

HIGHLIGHTS
- आरोपी पर साजिश की धारा 120बी के तहत कार्रवाई
- 18 अगस्त को दर्ज हुआ था मुकदमा
- दो दिन में किशोरी को सकुशल बरामद किया गया था
मुजफ्फरनगर। कोतवाली नगर क्षेत्र के रामलीला टिल्ला निवासी दलित परिवार की नाबालिग किशोरी के अपहरण और सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने गुरुवार को एक और वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, वांछित आरोपी इरशाद अली उर्फ डॉ. सम्राट को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के खिलाफ मामले में साजिश की धारा 120बी के तहत कार्रवाई की गई है। इसके साथ ही मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या पांच हो गई है।
एसपी सिटी अमृत जैन ने मीडिया को बताया कि 18 अगस्त 2026 को कोतवाली नगर क्षेत्र के रामलीला टिल्ला निवासी दलित परिवार की नाबालिग किशोरी के अपहरण और कुछ युवकों द्वारा सामूहिक दुष्कर्म किए जाने की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना मिलने के तुरंत बाद कोतवाली नगर थाने में मुकदमा अपराध संख्या 360/2026 दर्ज किया गया। मामले में बीएनएस की धारा 137(2), 64(1), 70(1), पोक्सो अधिनियम की धारा 3/4 व 5जी/6 और एससी-एसटी एक्ट की धारा 3(2)/5 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए उच्चाधिकारियों के निर्देश पर किशोरी की सकुशल बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई थीं। पुलिस टीमों ने कार्रवाई करते हुए दो दिन के भीतर किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया था। इसके बाद उसका चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया और बयान दर्ज किए गए। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की गिरफ्तारी के दौरान मुठभेड़ भी हुई थी। इसमें एक आरोपी घायल हुआ था। पुलिस ने घायल आरोपी समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इसके बाद विवेचना को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच जारी रखी।
एसपी सिटी ने बताया कि विवेचना के दौरान सामने आए साक्ष्यों के आधार पर इरशाद अली उर्फ डॉ. सम्राट को भी मामले में वांछित आरोपी बनाया गया। पुलिस ने गुरुवार को उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, मामले में आरोपियों की भूमिका और उनके बीच संभावित संगठित गतिविधियों से जुड़े पहलुओं की भी जांच की जा रही है। उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर गुणवत्तापूर्ण विवेचना जारी है।
इधर, उत्तर प्रदेश सरकार में कौशल विकास राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार एवं नगर विधायक कपिल देव अग्रवाल ने गांधी नगर स्थित अपने आवास राधा कुंज पर प्रेस वार्ता कर मामले की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि घटना की जानकारी मिलने के बाद से ही पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने घटना को घिनौना और निंदनीय बताते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
कपिल देव अग्रवाल ने बताया कि पुलिस ने मामले में पहले मुख्य आरोपी नाजिम और डॉ. आदिल को गिरफ्तार किया था। उनके अनुसार, नाजिम ने पुलिस कस्टडी से भागने का प्रयास किया था, जिसके दौरान उसे गोली लगी। इसके बाद नदीम और कामरान की गिरफ्तारी हुई और अब सम्राट इंटर कॉलेज के प्रबंधक इरशाद अली उर्फ डॉ. सम्राट को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इसी कॉलेज में किशोरी को बंधक बनाकर गैंगरेप किए जाने की बात कही गई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.