राम मंदिर चढ़ावा चोरी: टिन्नू यादव और मनीष 39 घंटे की पुलिस रिमांड पर, होगी गहन पूछताछ

HIGHLIGHTS
- राम मंदिर चढ़ावा घोटाला मामले में आरोपी टिन्नू यादव और मनीष यादव की 39 घंटे की पुलिस कस्टडी रिमांड शुरू हुई, दोनों से एसओजी कार्यालय में पूछताछ की जा रही है।
- पुलिस आरोपियों को उन स्थानों पर ले जा सकती है जहां कथित रूप से चढ़ावे की रकम का बंटवारा होता था, साथ ही निवेश, संपत्तियों और दस्तावेजों की भी जांच होगी।
- एसआईटी रिपोर्ट में टिन्नू यादव के पास दानपेटिका की चाबी होने का उल्लेख है, जांच एजेंसियों को रिमांड के दौरान कई अहम खुलासों की उम्मीद है।
राम मंदिर चढ़ावा घोटाला मामले में आरोपी रमाशंकर यादव उर्फ टिन्नू यादव और उसके भतीजे मनीष यादव की 39 घंटे की पुलिस कस्टडी रिमांड शनिवार सुबह 8:40 बजे से शुरू हो गई। दोनों आरोपियों को जिला कारागार से पुलिस लाइन स्थित अस्पताल लाया गया, जहां मेडिकल परीक्षण के बाद उन्हें एसओजी कार्यालय ले जाकर पूछताछ शुरू की गई। इस दौरान टिन्नू यादव ने मीडिया और आम लोगों की नजरों से बचने के लिए पूरे समय गमछे से चेहरा ढका रखा।
पुलिस दोनों आरोपियों को उन स्थानों पर भी ले जा सकती है, जहां कथित तौर पर मंदिर के चढ़ावे की रकम का बंटवारा किया जाता था। इसके साथ ही रियल एस्टेट, निर्माण कार्यों, मकानों, हॉस्टलों और अन्य संपत्तियों में किए गए संभावित निवेश की भी जांच की जाएगी। पुलिस नकदी, आभूषण और महत्वपूर्ण दस्तावेजों की बरामदगी के प्रयास में जुटी हुई है।
जांच एजेंसियों के अनुसार इससे पहले तीन चरणों की कस्टडी रिमांड के दौरान छह आरोपियों से पूछताछ की गई थी, जिसमें कई अहम दस्तावेज, आभूषण और दो चारपहिया वाहन बरामद हुए थे। अब टिन्नू यादव और मनीष यादव से पूछताछ को जांच का सबसे महत्वपूर्ण चरण माना जा रहा है।
पुलिस और विशेष जांच दल (एसआईटी) दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ कर रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के दौरान प्राप्त जानकारी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और संभावित ठिकानों की भी जांच की जाएगी।
सूत्रों के मुताबिक एसआईटी रिपोर्ट में यह उल्लेख किया गया है कि मंदिर की दानपेटिका (हुंडी) की चाबी टिन्नू यादव के पास रहती थी। इसी आधार पर जांच एजेंसियों को उम्मीद है कि रिमांड के दौरान चढ़ावे की रकम के गबन, उसके बंटवारे, निवेश और उससे जुड़े पूरे नेटवर्क को लेकर कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आ सकती हैं। साथ ही मामले में अन्य संभावित लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.