राम मंदिर चढ़ावा चोरी: जेल में पूछताछ के बाद पुलिस ने मांगी टिन्नू और मनीष की रिमांड

HIGHLIGHTS
- राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में आरोपी रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू यादव और मनीष यादव की सात दिन की पुलिस कस्टडी रिमांड के लिए अदालत में सुनवाई होगी।
- विवेचक ने आरोपियों के जेल में दर्ज बयानों की सत्यता जांचने और मामले की आगे की पड़ताल के लिए पुलिस हिरासत की मांग की है।
- मामले में अब तक आठ में से छह आरोपियों से पुलिस रिमांड पर पूछताछ की जा चुकी है, जबकि बरामद रकम और दस्तावेज भी जांच में शामिल किए गए हैं।
अयोध्या। राम मंदिर में चढ़ावे की रकम चोरी के मामले में आरोपी रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू यादव और मनीष यादव की पुलिस कस्टडी रिमांड लेने की प्रक्रिया तेज हो गई है। मामले के विवेचक ने दोनों आरोपियों से पूछताछ के लिए अदालत से सात दिन की रिमांड की मांग की है, जिस पर आज सुनवाई होगी।
इससे पहले गुरुवार को जेल में बंद टिन्नू यादव और मनीष यादव से पूछताछ के दौरान दर्ज किए गए बयानों के आधार पर विवेचक ने विशेष न्यायाधीश एंटी करप्शन कोर्ट में पुलिस कस्टडी रिमांड के लिए आवेदन दाखिल किया। आवेदन शाम करीब चार बजे अदालत में प्रस्तुत किया गया।
बयानों की जांच के लिए मांगी गई रिमांड
विशेष अभियोजन अधिकारी ने अदालत में तर्क दिया कि दोनों आरोपियों ने जेल में विवेचक के सामने महत्वपूर्ण बयान दर्ज कराए हैं। इन बयानों की पुष्टि और आगे की जांच के लिए आरोपियों को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ करना जरूरी है। इसी आधार पर सात दिन की रिमांड मांगी गई है।
वहीं, आरोपियों की ओर से पैरवी कर रहे लीगल एड डिफेंस कौंसिल के डिप्टी चीफ कुल शेखर सिंह ने अदालत से विवेचक द्वारा दाखिल रिमांड प्रार्थना पत्र की प्रति उपलब्ध कराने की मांग की।
बरामद रकम और दस्तावेज अदालत में पेश
सुनवाई के दौरान विवेचक ने आरोपियों सुभाष श्रीवास्तव और रमा शंकर मिश्रा के पास से बरामद धनराशि भी अदालत के समक्ष पेश की। पुलिस के मुताबिक बरामद रकम करीब 10 से 12 हजार रुपये है। इसके अलावा संबंधित दस्तावेज भी प्रस्तुत किए गए।
अदालत ने बरामद सामान को विवेचना में शामिल करने के लिए विवेचक की सुपुर्दगी में देने का आदेश दिया।
छह आरोपियों से हो चुकी है पूछताछ
राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में 26 जून से जिला कारागार में बंद आठ आरोपियों में से अब तक छह आरोपियों को पुलिस कस्टडी रिमांड पर लेकर पूछताछ कर चुकी है।
अदालत ने आरोपी अविनाश शुक्ला की 13 घंटे, जबकि लवकुश, अनुकल्प और करुणेश की 40 घंटे की पुलिस रिमांड मंजूर की थी। वहीं, सुभाष श्रीवास्तव और रमा शंकर मिश्रा को 14 घंटे की पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ की गई थी।
अब पुलिस टिन्नू यादव और मनीष यादव से पूछताछ के लिए सात दिन की रिमांड की अनुमति मांग रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.