सहारनपुर: पत्थरों का ढेर धंसने से कार यमुना नदी में गिरी, दो ठेकेदारों की मौत

HIGHLIGHTS
- सहारनपुर के सरसावा क्षेत्र में यमुना किनारे बड़ा हादसा, पत्थरों का ढेर धंसने से कार नदी में गिरी।
- हादसे में दो ठेकेदारों कंवरपाल और फैजान की मौत, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ।
- यमुना कटाव रोकने के लिए चल रहे पैचिंग कार्य के दौरान हुआ हादसा, पुलिस ने जांच शुरू की।
सहारनपुर। सरसावा क्षेत्र में यमुना नदी किनारे हुए एक दर्दनाक हादसे में दो ठेकेदारों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा गुरुवार रात मंधोर के पास पोभारी के जंगल क्षेत्र में हुआ, जहां कार पत्थरों के अस्थायी ढेर से फिसलकर सीधे नदी में जा गिरी।
जानकारी के मुताबिक, हरियाणा सरकार की ओर से यमुना नदी के कटाव को रोकने के लिए पैचिंग कार्य कराया जा रहा था। इसी काम के सिलसिले में गुरुवार रात करीब 10 बजे सरसावा के अलीपुरा निवासी 65 वर्षीय कंवरपाल, हरियाणा निवासी 35 वर्षीय फैजान और एक अन्य ठेकेदार कार से यमुना किनारे पहुंचे थे।
बताया जा रहा है कि तीनों कार में बैठे हुए नदी किनारे पत्थरों से बनाए गए ढेर पर खड़े थे। इसी दौरान अचानक पत्थरों का ढेर धंस गया, जिससे कार का संतुलन बिगड़ गया और वह यमुना नदी में जा गिरी।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने राहत कार्य शुरू किया और काफी प्रयास के बाद तीनों को कार से बाहर निकाला गया। इसके बाद उन्हें एंबुलेंस की मदद से मेडिकल कॉलेज ले जाया गया।
अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने कंवरपाल और फैजान को मृत घोषित कर दिया। वहीं, तीसरे व्यक्ति का उपचार जारी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.