सहारनपुर: ट्रेडिंग फर्म में निवेश के नाम पर सात लाख की ठगी का आरोप, तीन लोगों पर मुकदमा दर्ज

HIGHLIGHTS
- ट्रेडिंग फर्म में निवेश के नाम पर सात लाख रुपये की धोखाधड़ी का आरोप लगाया गया।
- पीड़ित की शिकायत पर एसएसपी के आदेश से तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
- आरोपियों पर रकम वापस मांगने पर धमकी देने का भी आरोप है, पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सहारनपुर: ट्रेडिंग फर्म में निवेश कराने के नाम पर सात लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पीड़ित ने फर्म संचालक सहित तीन लोगों पर रकम हड़पने और पैसे वापस मांगने पर अपहरण व जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। एसएसपी के आदेश पर कोतवाली सदर बाजार पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
अंकित विहार कॉलोनी निवासी आकाश जैन ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि देहरादून चौक स्थित एक ट्रेडिंग फर्म के संचालक मेहुल गुप्ता ने उन्हें फर्म में निवेश करने के लिए कहा था। आरोप है कि संचालक ने हर महीने पांच प्रतिशत लाभ देने और मूलधन पूरी तरह सुरक्षित रहने का भरोसा दिलाया था। इसके बाद उन्होंने अपने दोस्त मनोज कुमार सैनी के साथ मिलकर फर्म में सात लाख रुपये निवेश कर दिए।
आरोप है कि रकम वापस मांगने पर फर्म संचालक ने फोन उठाना बंद कर दिया। पीड़ित ने बताया कि वर्ष 2024 में इस मामले की शिकायत एसएसपी से की गई थी। इसके बाद पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच समझौता हुआ था, जिसमें किस्तों के माध्यम से भुगतान करने की बात तय हुई थी।
पीड़ित का आरोप है कि समझौते के बाद भी केवल 12 हजार रुपये वापस किए गए, जबकि बाकी रकम अभी तक नहीं लौटाई गई। आरोप है कि बकाया रुपये मांगने पर मुख्य आरोपी ने अपहरण और हत्या की धमकी दी।
सीओ द्वितीय मनोज कुमार यादव ने बताया कि इस मामले में मेहुल गुप्ता, पुनीत त्यागी और अभिनव गुप्ता के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले में दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जाएंगे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.