सहारनपुर में नकली Eno का बड़ा खेल पकड़ा गया, तीन दुकानों से 769 पैकेट जब्त

HIGHLIGHTS
- सहारनपुर में पुलिस और कंपनी की जांच टीम ने तीन दुकानों पर छापेमारी कर नकली ईनो के 769 पैकेट बरामद किए।
- ताहिर प्रोविजन स्टोर, श्राव्या कन्फेक्शनरी और आमिर ट्रेडर्स से मिले उत्पादों के नमूने लेकर सामान जब्त किया गया।
- पुलिस ने तीन दुकानदारों के खिलाफ कॉपीराइट एक्ट में मुकदमा दर्ज कर नकली उत्पादों की सप्लाई करने वाले नेटवर्क की जांच शुरू कर दी है।
सहारनपुर जिले में नकली ईनो की बिक्री का मामला सामने आया है। कंपनी की अधिकृत जांच एजेंसी ने देहात कोतवाली पुलिस के साथ मिलकर तीन दुकानों पर छापेमारी की, जहां से कथित रूप से नकली ईनो के 769 पैकेट बरामद किए गए। पुलिस ने सभी उत्पादों को कब्जे में लेकर दुकानदारों के खिलाफ कॉपीराइट एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
कंपनी की ओर से अधिकृत जांच एजेंसी सेमिता लीगल एडवोकेट्स एंड सॉलिसिटर्स के मैनेजर मोहम्मद तौकीर ने पुलिस को शिकायत दी थी कि जिले में कुछ दुकानों पर नकली ईनो बेचे जाने की जानकारी मिली है। शिकायत के आधार पर सोमवार को पुलिस टीम के साथ मिलकर कार्रवाई की गई।
तीन दुकानों पर हुई छापेमारी
पहली कार्रवाई ताहिर प्रोविजन स्टोर पर की गई, जहां से नकली ईनो के 31 पैकेट मिले। इनमें से छह पैकेट जांच के लिए नमूने के तौर पर सील किए गए, जबकि 25 पैकेट जब्त कर लिए गए।
इसके बाद टीम श्राव्या कन्फेक्शनरी पहुंची। यहां से 60 पैकेट बरामद हुए। पुलिस ने छह पैकेट जांच के लिए सुरक्षित रखे और बाकी 54 पैकेट कब्जे में ले लिए।
तीसरी कार्रवाई आमिर ट्रेडर्स पर हुई, जहां सबसे ज्यादा 678 पैकेट नकली ईनो मिले। इनमें से छह पैकेट नमूने के रूप में सील किए गए और 672 पैकेट जब्त कर लिए गए।
असली उत्पाद से किया गया मिलान
पुलिस ने जब्त किए गए सभी पैकेट और कंपनी की ओर से उपलब्ध कराए गए असली ईनो के नमूनों को थाने लाकर जांच की। प्रारंभिक मिलान के बाद पुलिस ने दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी।
इस मामले में ताहिर, हेमंत और आमिर के खिलाफ कॉपीराइट एक्ट की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
नकली उत्पाद की सप्लाई नेटवर्क की जांच
सीओ द्वितीय मनोज कुमार यादव ने बताया कि मामले की जांच जारी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि नकली ईनो कहां से लाया जा रहा था और इसके पीछे कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं। सप्लाई चैन से जुड़े अन्य आरोपियों की भी तलाश की जा रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.