मुजफ्फरनगर में धूमधाम से मनी संत रविदास जयंती, निकली भव्य शोभायात्रा

मुजफ्फरनगर। शहर में सन्त शिरोमणि रविदास जी का जन्मोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर निकाली गई भव्य शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। भक्तजन भजन-कीर्तन करते हुए और नृत्य के माध्यम से उल्लास प्रकट करते नजर आए। शोभायात्रा में सजी आकर्षक झांकियां, बैंड और डीजे की धुनों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
शोभायात्रा का शुभारंभ टाउनहाल से हुआ, जहां कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार और राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने संयुक्त रूप से फीता काटकर कार्यक्रम की शुरुआत की। आयोजन स्थल पर समाज के प्रबुद्ध लोगों ने दोनों मंत्रियों का पटका पहनाकर सम्मान किया।
इस मौके पर कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार ने कहा कि सन्त रविदास जी के विचार आज भी समाज को दिशा देने वाले हैं और सभी को उनके दिखाए सत्य और समरसता के मार्ग पर चलना चाहिए। वहीं मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि 15वीं-16वीं शताब्दी के महान संत रविदास जी ने अपने जीवन और रचनाओं के माध्यम से जातिवाद और भेदभाव का विरोध किया तथा प्रेम, समानता और मानवता का संदेश दिया।
शोभायात्रा टाउनहाल प्रांगण से निकलकर झांसी की रानी चौराहा, शिव चौक, रुड़की रोड, नावल्टी चौराहा, बकरा मार्केट रोड, नंबर दो चुंगी, आबकारी रोड, हनुमान चौक और भगत सिंह रोड होते हुए पुनः शिव चौक पर समाप्त हुई। मार्ग में विभिन्न समाजों के लोगों ने सहभागिता निभाई और श्रद्धा के साथ जन्मोत्सव मनाया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने भजन-कीर्तन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से सन्त रविदास जी के सामाजिक एकता और मानव कल्याण के संदेश को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.