मस्जिद प्रबंधन की रिट पर हाईकोर्ट में कल सुनवाई, जुमे की नमाज को लेकर सहारनपुर में अलर्ट

HIGHLIGHTS
- रिट याचिका मंगलवार को हाईकोर्ट में दाखिल की गई थी।
- मामला रिट कॉज लिस्ट में 35वें नंबर पर सूचीबद्ध है।
- प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।
कलक्ट्रेट परिसर स्थित मस्जिद के ध्वस्तीकरण से जुड़े मामले में शुक्रवार को इलाहाबाद हाईकोर्ट में सुनवाई होगी। मामला रिट कॉज लिस्ट में सूचीबद्ध है और इसकी सुनवाई कोर्ट नंबर-9 में निर्धारित की गई है। ऐसे में सभी की नजरें पहली सुनवाई पर टिकी हैं।
पांच सितंबर को कलक्ट्रेट परिसर स्थित मस्जिद के खिलाफ बेदखली का आदेश जारी होने के बाद प्रशासन ने उसे ध्वस्त करा दिया था। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद मस्जिद प्रबंधन कमेटी, विपक्षी नेताओं और जनप्रतिनिधियों ने तीखी प्रतिक्रिया दी थी।
इसके अलावा जमीयत-ए-उलमा-हिंद के प्रतिनिधिमंडल ने अधिवक्ताओं और मस्जिद प्रबंधन कमेटी के सदस्यों से बातचीत की थी। जनप्रतिनिधियों के साथ भी मामले को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इसके बाद आठ सितंबर मंगलवार को मुतव्वली की ओर से हाईकोर्ट में रिट दाखिल की गई।
रिट पर सुनवाई के लिए 11 सितंबर शुक्रवार की तारीख तय की गई है। हाईकोर्ट की ओर से जारी कॉज लिस्ट में यह रिट सूचीबद्ध है। इसके मुताबिक मामले की सुनवाई कोर्ट नंबर-9 में होगी और रिट 35वें नंबर पर है। माना जा रहा है कि मामले की सुनवाई लंच के बाद हो सकती है।
बता दें कि सिटी मजिस्ट्रेट की अदालत ने सुनवाई के बाद अपने फैसले में कलक्ट्रेट परिसर में 315 वर्गमीटर क्षेत्रफल में बनी मस्जिद को अवैध करार देते हुए बेदखली के आदेश दिए थे। इसके बाद जिला जज की अदालत ने भी मस्जिद प्रबंधन की अपील खारिज कर दी थी।
धर्मगुरुओं के साथ पुलिस-प्रशासन ने की बैठक
सहारनपुर कलक्ट्रेट परिसर में मस्जिद ध्वस्त किए जाने के बाद शुक्रवार की नमाज को लेकर पुलिस-प्रशासन सतर्क है। जुमे की नमाज को देखते हुए सीओ सदर विकास प्रताप चौहान ने सभी धर्मों के धर्मगुरुओं, ग्राम प्रधानों, पूर्व ग्राम प्रधानों और समाज के गणमान्य लोगों के साथ बैठक की।
बैठक में लोगों से आपसी सौहार्द बनाए रखने और मस्जिद विवाद से दूर रहने की अपील की गई।
सीओ सदर ने कहा कि सभी लोग शांतिपूर्वक जुमे की नमाज अदा करें और किसी भी तरह के विवाद में न पड़ें। उन्होंने किसी भी सूचना पर बिना पुष्टि के भरोसा नहीं करने की अपील की। साथ ही सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं से भी दूर रहने को कहा गया।
प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार ने कहा कि माहौल खराब करने या कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
डीआईजी ने बताया सुरक्षा का इंतजाम
डीआईजी ने कहा कि जुमे की नमाज को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। बाहर से भी फोर्स बुलाई गई है। सार्वजनिक स्थानों पर पुलिस फोर्स के साथ पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।
उन्होंने कहा कि शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आमजन से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की गई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.