दिल्ली के युवा खिलाड़ियों को हर महीने मिलेंगे 2 हजार रुपये, CM रेखा गुप्ता ने किया ऐलान

HIGHLIGHTS
- सरकार की इस पहल का उद्देश्य युवा खिलाड़ियों को आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराना है।
- सहायता पाने वाले खिलाड़ियों में अंडर-14, अंडर-17, अंडर-19 और अंडर-21 वर्ग शामिल हैं।
- मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा खेल प्रतिभाओं को जरूरी समर्थन और अवसर दिलाना सरकार की प्राथमिकता है।
नई दिल्ली। दिल्ली सरकार ने युवा खिलाड़ियों के लिए आर्थिक सहायता देने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को घोषणा की कि दिल्ली सरकार के खेल केंद्रों और स्टेडियमों में नियमित रूप से प्रशिक्षण लेने वाले पात्र अंडर-14, अंडर-17, अंडर-19 और अंडर-21 खिलाड़ियों को हर महीने 2,000 रुपये की सहायता दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी देते हुए कहा कि यह आर्थिक मदद खिलाड़ियों को अपने अभ्यास में निरंतरता बनाए रखने में सहायता करेगी। उन्होंने लिखा, 'दिल्ली सरकार के खेल केंद्रों और स्टेडियमों में नियमित रूप से प्रशिक्षण लेने वाले पात्र अंडर-14, अंडर-17, अंडर-19 और अंडर-21 खिलाड़ियों को अब प्रति माह 2,000 रुपये दिए जाएंगे। यह सहायता उन्हें अपने अभ्यास में निरंतरता बनाए रखने में मदद करने के उद्देश्य से दी जा रही है।'
रेखा गुप्ता ने आगे कहा, 'खेलते रहो, प्रयास करते रहो। हमारी सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि दिल्ली की युवा खेल प्रतिभा को वह समर्थन और अवसर मिलें, जिनके वे हकदार हैं।'
मुख्यमंत्री के मुताबिक, सरकार का यह कदम युवा खिलाड़ियों को आर्थिक मदद देकर उनके खेल करियर को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण है। इस फैसले से दिल्ली के सरकारी खेल परिसरों में नियमित रूप से अभ्यास करने वाले हजारों युवा खिलाड़ियों को लाभ मिलने की उम्मीद है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.