दिल्ली की हवा पर सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी, जस्टिस पारदीवाला बोले- पहले AQI कम होने दीजिए

HIGHLIGHTS
- बुधवार को सुप्रीम कोर्ट में पिता और बच्चों के बीच मुलाकात से जुड़े मामले की सुनवाई हुई।
- जस्टिस जेबी पारदीवाला और जस्टिस केवी विश्वनाथन की पीठ मामले की सुनवाई कर रही थी।
- पिता ने आरोप लगाया कि उनकी अलग रह रही पत्नी ने अदालत के आदेश के बावजूद बच्चों को सिंगापुर भेज दिया।
दिल्ली में वायु प्रदूषण की समस्या अब सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई के दौरान भी चर्चा में आ गई। बुधवार को शीर्ष अदालत में पिता और उनके बच्चों के बीच मुलाकात से जुड़े एक मामले की सुनवाई चल रही थी। इसी दौरान जस्टिस जेबी पारदीवाला ने दिल्ली की खराब हवा को लेकर हल्के-फुल्के अंदाज में टिप्पणी की। उन्होंने पिता से कहा कि जब तक दिल्ली की हवा में सुधार नहीं होता, तब तक वह अपने बेटे को सिंगापुर से यहां न बुलाएं।
बेटे से मिलने के लिए सिंगापुर जाने का दिया सुझाव
जस्टिस जेबी पारदीवाला और जस्टिस केवी विश्वनाथन की पीठ लंबे समय से चल रहे वैवाहिक विवाद और बच्चों की कस्टडी से जुड़े मामले की सुनवाई कर रही थी। दिल्ली में रहने वाले पिता ने आरोप लगाया था कि उनकी अलग रह रही पत्नी ने अदालत के आदेश के बावजूद बच्चों को सिंगापुर भेज दिया, जिससे उनके मुलाकात के अधिकार प्रभावित हुए।
सुनवाई के दौरान अदालत ने पिता और मां, दोनों से बातचीत की। उनका बेटा भी सिंगापुर से ऑनलाइन सुनवाई में शामिल हुआ। पीठ ने पिता को सलाह दी कि वह समय-समय पर सिंगापुर जाकर अपने बेटे से मिलें। साथ ही बेटी को भी एक सप्ताह के लिए अपने पास बुलाएं, ताकि बच्चों के साथ उनका रिश्ता बेहतर हो सके।
'सिंगापुर बहुत साफ है'
पिता ने अदालत के सुझाव पर सहमति जताई। उन्होंने कहा कि यह अच्छा रहेगा अगर उनका बेटा स्कूल की छुट्टियों में दिल्ली भी आ सके। इस पर जस्टिस पारदीवाला ने मुस्कुराते हुए कहा, 'इसका कोई रास्ता निकालिए। लेकिन पहले दिल्ली का एक्यूआई थोड़ा नीचे आने दीजिए। क्योंकि सिंगापुर बहुत साफ है।'
अगले जन्म में सिंगापुर जाने की बात पर अदालत में हंसी
सुनवाई के दौरान वरिष्ठ अधिवक्ता सिद्धार्थ लूथरा ने भी मजाकिया अंदाज में टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि प्रदूषण से बचने के लिए सभी लोगों को सिंगापुर चले जाना चाहिए। इस पर जस्टिस पारदीवाला ने जवाब दिया, 'अगले जन्म में। अपने अगले जन्म में।' उनकी इस टिप्पणी पर अदालत में मौजूद लोगों के चेहरों पर मुस्कान आ गई।
दिल्ली की हवा 'बहुत खराब' श्रेणी में
दिल्ली में पिछले कुछ दिनों से वायु गुणवत्ता 'बहुत खराब' और 'गंभीर' श्रेणी में बनी हुई है। हाल ही में सुप्रीम कोर्ट की एक अन्य पीठ ने दिवाली के दौरान दिल्ली-एनसीआर में 7 और 8 नवंबर को ग्रीन पटाखे जलाने की अनुमति दी थी। बुधवार को सुनवाई के दौरान जस्टिस पारदीवाला की टिप्पणी इसी प्रदूषण की स्थिति के संदर्भ में आई।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.































Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.