दिल्ली: मकान गिरने के मामले में पुलिस की कार्रवाई, मालिक और उसका भाई गिरफ्तार

HIGHLIGHTS
- दिल्ली के ज्वाला नगर में मंगलवार सुबह दो मंजिला मकान ढह गया।
- हादसे में चार साल के बच्चे देवांश उर्फ लड्डू समेत दो लोगों की मौत हुई।
- मृतक की पहचान पिंटू (35) के रूप में भी हुई।
दिल्ली के विवेक विहार स्थित ज्वाला नगर इलाके में मंगलवार को दो मंजिला मकान गिरने के मामले में पुलिस ने मकान मालिक सुरेंद्र सिंह और उसके भाई वीर सिंह को गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ लापरवाही से हुई मौत का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
बच्चे समेत दो लोगों की मौत, पांच घायल
शाहदरा जिले के विवेक विहार के ज्वाला नगर में मंगलवार सुबह एक पुराना और जर्जर दो मंजिला मकान अचानक ढह गया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस और दमकल विभाग को सूचना देने के साथ ही आसपास के लोग बचाव कार्य में जुट गए। कुछ देर बाद रेस्क्यू टीम भी मौके पर पहुंची।
मलबे से चार साल के बच्चे समेत सात लोगों को बाहर निकाला गया। अस्पताल पहुंचने पर देवांश उर्फ लड्डू (4) और पिंटू (35) को मृत घोषित कर दिया गया। हादसे में घायल अमन उर्फ डब्बा (18), पिंटू का छोटा भाई विकास उर्फ विकेश (32), आकाश (25), दिलीप उर्फ डिंपा (22) और देवांश की मां खुशबू (27) का डॉ. हेडगेवार अस्पताल में इलाज चल रहा है।
30 गज के मकान की छत गाटर-पटिया से बनी थी
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि करीब 30 गज के इस मकान की छत गाटर-पटिया से बनाई गई थी। मकान 40 साल से ज्यादा पुराना था और रेलवे लाइन के बिल्कुल किनारे स्थित था। ट्रेनों के गुजरने के दौरान मकान में कंपन होता था। आशंका जताई जा रही है कि पुराना और जर्जर मकान कंपन सहन नहीं कर पाया और ढह गया।
हादसा मंगलवार सुबह करीब 10 बजे ज्वाला नगर की गली नंबर-6 में हुआ। यहां लगभग 1000 गज के एक परिसर में 25 से 30 गज के छह से सात मकान बने हुए हैं। इन सभी मकानों में अलग-अलग किरायेदार रहते हैं। जिस मकान में हादसा हुआ, उसके ग्राउंड फ्लोर को आगरा निवासी पिंटू ने किराये पर लिया हुआ था। वह नमकीन और गजक बनाने का ठेकेदार था।
मकान की पहली मंजिल पर देवांश और खुशबू का परिवार रहता था। परिसर के ज्यादातर मकानों की छतें गाटर-पटिया से बनी हुई हैं। मंगलवार को अचानक एक मकान अपनी छत समेत भरभराकर गिर पड़ा।
हादसे के समय ग्राउंड फ्लोर पर पिंटू अपने दिव्यांग भाई विकास और कारीगर आकाश, दिलीप व अमन के साथ मौजूद था। वहीं, पहली मंजिल पर खुशबू और उसका बेटा देवांश ही थे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.































Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.