बेगूसराय में कांग्रेस नेता की गाड़ी पर ताबड़तोड़ फायरिंग, बाल-बाल बचे कुमार गौरव

HIGHLIGHTS
- बेगूसराय में जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष कुमार गौरव की गाड़ी पर फायरिंग हुई।
- बुधवार को पपरौर से बेगूसराय जाते समय बाइक सवार बदमाशों ने हमला किया।
- अपराधियों ने सफारी गाड़ी पर चार से पांच राउंड गोलियां चलाईं।
बिहार में अपराधियों के बढ़ते हौसले के बीच बेगूसराय में गोलीबारी की एक और घटना सामने आई है। बुधवार को पपरौर से बेगूसराय जा रहे जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष कुमार गौरव की सफारी गाड़ी पर बाइक सवार अज्ञात बदमाशों ने हमला कर दिया। अपराधियों ने गाड़ी को निशाना बनाकर चार से पांच राउंड फायरिंग की। यह घटना जीरोमाइल सहायक थाना क्षेत्र में पपरौर कब्रिस्तान के पास हुई। गाड़ी पर गोलियों के निशान साफ नजर आ रहे हैं। राहत की बात यह रही कि कांग्रेस नेता समेत गाड़ी में मौजूद तीनों लोग सुरक्षित बच गए।
सड़क पर फायरिंग के बाद थाने पहुंचे कांग्रेस नेता
मिली जानकारी के मुताबिक, घटना के समय सफारी गाड़ी में चालक सहित तीन लोग सवार थे। इसी दौरान हेलमेट लगाए बाइक सवार बदमाशों ने अचानक गाड़ी पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं। अचानक हुई गोलीबारी से गाड़ी में बैठे लोगों के बीच अफरातफरी मच गई। किसी तरह मौके से निकलकर कुमार गौरव सिंघौल थाना पहुंचे और अपनी जान बचाई।
घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। अपराधियों के इस तरह बेखौफ होकर हमला करने से आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई जा रही है।
जमीन विवाद के चलते हमले की आशंका
बेगूसराय के वरिष्ठ नेता अनिल सिंह के बेटे कुमार गौरव ने इस हमले के पीछे राजनीतिक वजह होने से इनकार किया है। हालांकि, उन्होंने जमीन विवाद से जुड़े कुछ मामले चलने की बात कही है। फिलहाल गोलीबारी की असली वजह और हमलावरों की पहचान सामने नहीं आई है। पुलिस के सामने हमलावरों का पता लगाने के साथ घटना के पीछे की साजिश का खुलासा करने की चुनौती है।
थाने पहुंचीं डीएसपी, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
गोलीबारी की जानकारी मिलने के बाद सदर-2 डीएसपी कुमारी दुर्गा शक्ति थाने पहुंचीं और पीड़ित से घटना के संबंध में पूछताछ की। उनके निर्देश पर कुमार गौरव ने जीरोमाइल सहायक थाना में लिखित शिकायत दी।
जीरोमाइल सहायक थानाध्यक्ष मनीष कुमार ने बताया कि पुलिस को आवेदन मिल गया है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.































Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.