सोनिया गांधी की मुश्किलें बढ़ीं? राउज एवेन्यू कोर्ट ने दिल्ली पुलिस से मांगी एक्शन टेकन रिपोर्ट

HIGHLIGHTS
- राउज एवेन्यू कोर्ट ने बुधवार को दिल्ली पुलिस से एक्शन टेकन रिपोर्ट मांगी।
- मामला सोनिया गांधी का नाम भारतीय नागरिक बनने से पहले मतदाता सूची में शामिल होने के आरोप से जुड़ा है।
- शिकायतकर्ता विकास त्रिपाठी ने सोनिया गांधी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की थी।
दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने बुधवार को कांग्रेस नेता सोनिया गांधी से जुड़े मतदाता सूची मामले में दिल्ली पुलिस से एक्शन टेकन रिपोर्ट (एटीआर) मांगी है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि भारतीय नागरिक बनने से पहले ही सोनिया गांधी का नाम मतदाता सूची में दर्ज कर दिया गया था।
मजिस्ट्रेट कोर्ट ने शिकायतकर्ता विकास त्रिपाठी की याचिका पर यह निर्देश दिया। त्रिपाठी ने सोनिया गांधी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की थी। उनकी शिकायत को इससे पहले अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (एसीजेएम) वैभव चौरसिया ने 11 सितंबर 2025 को खारिज कर दिया था। इसके बाद शिकायतकर्ता ने सेशन कोर्ट में रिवीजन याचिका दाखिल की।
21 सितंबर को सेशन कोर्ट ने एसीजेएम के फैसले को रद्द कर दिया था। साथ ही मजिस्ट्रेट को शिकायत पर दोबारा विचार करने का निर्देश दिया था। सेशन कोर्ट ने कहा था कि शिकायतकर्ता और दिल्ली पुलिस का पक्ष सुनने के बाद मजिस्ट्रेट को तर्कपूर्ण आदेश पारित करना चाहिए।
जज विशाल गोगने ने अपने विस्तृत आदेश में कहा था कि मजिस्ट्रेट का पिछला आदेश विकृत और अनुचित था। साथ ही, उसमें इस सवाल पर कोई टिप्पणी नहीं की गई थी कि सोनिया गांधी के खिलाफ संज्ञेय अपराध का खुलासा होता है या नहीं।
शिकायतकर्ता विकास त्रिपाठी का आरोप है कि सोनिया गांधी का नाम वर्ष 1980 में नई दिल्ली निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची में शामिल किया गया था, जबकि उन्हें अप्रैल 1983 में भारतीय नागरिकता मिली थी। उनका दावा है कि सोनिया गांधी का नाम 1980 में मतदाता सूची में दर्ज हुआ, 1982 में हटा दिया गया और 1983 में फिर से शामिल किया गया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.