बेंगलुरु में पत्नी की हत्या कर कचरे के नीचे दबाया शव, दो महीने बाद कुत्ते ने खोला राज

HIGHLIGHTS
- बेंगलुरु के कोडिगेहल्ली स्थित गुंडांजनेय मंदिर पार्क में महिला का कंकाल मिला।
- मृतका की पहचान 34 वर्षीय सुजाता के रूप में हुई।
- महिला के दूसरे पति 25 वर्षीय फयाज पाशा उर्फ कालू पर हत्या का आरोप है।
बेंगलुरु। बेंगलुरु में अवैध संबंधों के संदेह में एक 25 वर्षीय युवक ने अपनी 34 वर्षीय पत्नी की गला रेतकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने शव को बोरी में रखा और पार्क के एक कोने में कचरे के ढेर के नीचे छिपाकर फरार हो गया। यह मामला दो महीने से अधिक समय तक सामने नहीं आ सका, लेकिन एक आवारा कुत्ते की वजह से हत्या का खुलासा हो गया। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
यह घटना बेंगलुरु के कोडिगेहल्ली इलाके में स्थित गुंडांजनेय मंदिर पार्क की है। मृतका की पहचान 34 वर्षीय सुजाता के रूप में हुई है। वहीं, गिरफ्तार आरोपी उसका दूसरा पति फयाज पाशा उर्फ कालू है, जो चिक्काबल्लापुर का रहने वाला है।
कुत्ते ने खींचकर बाहर निकाली खोपड़ी, सामने आया हत्या का मामला
पुलिस के अनुसार, सुजाता की हत्या करीब दो महीने पहले हुई थी। 6 नवंबर की सुबह पार्क में टहलने पहुंचे लोगों ने एक इंसानी खोपड़ी देखी। एक कुत्ता उसे खींचकर बाहर ले आया था। इसके बाद लोगों ने पुलिस को इसकी सूचना दी।
जानकारी मिलते ही कोडिगेहल्ली पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के इलाके की तलाशी ली। इस दौरान खोपड़ी से करीब 30 मीटर दूर कचरे के ढेर के नीचे छिपाई गई एक बोरी मिली। बोरी की जांच करने पर उसके भीतर महिला का कंकाल बरामद हुआ।
आधार और पैन कार्ड से हुई मृतका की पहचान
पुलिस को कंकाल के पास एक छोटा पाउच भी मिला। उसमें सुजाता का आधार कार्ड और पैन कार्ड रखा हुआ था। इन दस्तावेजों की मदद से पुलिस ने मृतका की पहचान की और मामले की जांच आगे बढ़ाई। जांच में पता चला कि सुजाता ने फयाज पाशा से दूसरी शादी की थी।
पांच बच्चों को बहन के पास छोड़कर की थी दूसरी शादी
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि सुजाता के पहले पति की करीब पांच साल पहले मौत हो गई थी। जक्कुर लेआउट में रहने वाली सुजाता ने अपने पांचों बच्चों को बहन के घर छोड़ दिया था। इसके बाद वह खुद कचरा बीनने का काम करने लगी थी।
इसी दौरान उसकी मुलाकात फयाज पाशा से हुई, जो उम्र में उससे नौ साल छोटा था। पाशा भी कचरा बीनने के साथ मजदूरी करता था। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और करीब पांच महीने पहले उन्होंने शादी कर ली।
शराब पीने के दौरान हुआ विवाद, गुस्से में काट दिया गला
शादी के कुछ समय बाद ही पाशा को सुजाता के चरित्र पर संदेह होने लगा। इस बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। आपसी अनबन के चलते पाशा सुजाता को छोड़कर चला गया था, लेकिन उसके मनाने पर वह वापस लौट आया। दोनों के पास रहने के लिए कोई स्थायी जगह नहीं थी। ऐसे में वे पार्कों और बस स्टैंड पर रात बिताते थे।
पुलिस की पूछताछ में पाशा ने अपना अपराध कबूल कर लिया है। उसने बताया कि करीब दो महीने पहले रात में दोनों ने पार्क में शराब पी थी। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच फिर झगड़ा शुरू हो गया। गुस्से में आकर पाशा ने चाकू से सुजाता का गला रेत दिया।
हत्या के बाद आरोपी ने शव को कचरा इकट्ठा करने वाली बोरी में भरा और पार्क के एक कोने में कचरे के नीचे छिपा दिया। इसके बाद वह वहां से फरार हो गया।
दस्तावेजों से मिले सुराग के आधार पर पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। आखिरकार 18 नवंबर को उसे येलहंका के रैतारा संथे इलाके से गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल आरोपी पुलिस हिरासत में है और मामले की आगे की जांच की जा रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.