बंगाल में कांग्रेस से गठबंधन के संकेत, कल्याण बनर्जी बोले- अधीर रंजन की नहीं होगी भूमिका

HIGHLIGHTS
- तृणमूल कांग्रेस सांसद कल्याण बनर्जी ने कांग्रेस के साथ गठबंधन के संकेत दिए।
- उन्होंने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में गठबंधन पर फैसला केंद्रीय स्तर पर होगा।
- कल्याण बनर्जी के मुताबिक, गठबंधन में अधीर रंजन चौधरी की कोई भूमिका नहीं होगी।
कोलकाता। तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और सांसद कल्याण बनर्जी ने बंगाल कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी को अलग रखते हुए कांग्रेस के साथ गठबंधन होने के संकेत दिए हैं।
कल्याण बनर्जी ने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के साथ गठबंधन किया जाएगा, लेकिन इसमें अधीर रंजन चौधरी की कोई भूमिका नहीं होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि गठबंधन को लेकर फैसला केंद्रीय स्तर पर लिया जाएगा और स्थानीय स्तर पर इस संबंध में कोई बातचीत नहीं होगी।
कल्याण बनर्जी मुर्शिदाबाद जिले के बहरमपुर में तृणमूल कांग्रेस की ओर से आयोजित विजयादशमी और दीपावली मिलन समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। हालांकि, कुछ कारणों के चलते कार्यक्रम आयोजित नहीं हो सका।
उनके इस बयान पर मुर्शिदाबाद जिला कांग्रेस अध्यक्ष अब्दुल्लाहिल काफी ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि जिले में अधीर रंजन चौधरी ही अंतिम फैसला लेंगे और चुनाव भी उन्हीं के नेतृत्व में लड़ा जाएगा।
ऋतब्रत बनर्जी पर भी साधा निशाना
कल्याण बनर्जी ने तृणमूल के विरोधी गुट के नेता ऋतब्रत बनर्जी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उनकी लोकतांत्रिक पार्टी कहीं नजर नहीं आ रही है। तृणमूल कांग्रेस एक ही है और वह अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस है।
कल्याण ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी उनकी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी को निशाना बना रहे हैं। उन्होंने पुलिस को चेतावनी देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर काम करने वाले पुलिसकर्मियों की नौकरी नहीं बचेगी। जरूरत पड़ने पर वह उन्हें सुप्रीम कोर्ट तक ले जाएंगे।
राजस्थान के पंचायत चुनावों में कांग्रेस की जीत पर प्रतिक्रिया देते हुए कल्याण बनर्जी ने कहा कि देश में भाजपा के खिलाफ माहौल बनने लगा है। उन्होंने दावा किया कि नरेन्द्र मोदी सत्ता में नहीं रहेंगे। साथ ही उन्होंने अनुमान जताया कि 2029 का लोकसभा चुनाव निर्धारित समय से पहले कराया जा सकता है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.