राम जन्मभूमि फैसले पर स्वरा भास्कर का बयान, बोलीं- मुस्लिम दोस्तों से मांगी थी माफी

HIGHLIGHTS
- स्वरा भास्कर ने एक पॉडकास्ट में 2019 के फैसले पर बात की।
- उन्होंने शाहरुख और सलमान समेत मुस्लिम दोस्तों का जिक्र किया।
- वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाएं आने लगीं।
साल 2019 में राम जन्मभूमि को लेकर आए ऐतिहासिक फैसले की चर्चा अक्सर सुर्खियों में रहती है। अब बॉलीवुड अभिनेत्री स्वरा भास्कर ने इस फैसले को लेकर अपनी प्रतिक्रिया साझा की है। एक्ट्रेस ने बताया कि फैसले के बाद उन्होंने अपने कई मुस्लिम दोस्तों से माफी मांगी थी।
फैसले पर क्या बोलीं स्वरा?
अभिनेत्री स्वरा भास्कर हाल ही में 'मिड नाइट' नाम के एक पॉडकास्ट में पहुंची थीं। इस दौरान 2019 में आए राम जन्मभूमि फैसले पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि फैसला आने के बाद वह काफी दुखी थीं।
स्वरा ने बताया, 'यह फैसला आने के बाद मैं बहुत दुखी थी। मैंने शाहरुख से लेकर सलमान सर तक अपने सभी मुसलमान दोस्तों को फोन किया और कहा कि एक हिंदू होने के नाते, मैं बस इतना कहना चाहती हूं कि मुझे बहुत खेद है, मुझे बहुत शर्म आ रही है और मैं इससे सहमत नहीं हूं। मैं इस फैसले से काफी अपसेट थी।'
सोशल मीडिया पर ट्रोल हो रहीं स्वरा
राम जन्मभूमि फैसले को लेकर स्वरा भास्कर का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में दिए गए बयान को लेकर कई यूजर्स उन्हें ट्रोल कर रहे हैं।
एक यूजर ने लिखा, 'स्वरा भास्कर राम मंदिर के फैसले से नाराज थीं। कभी-कभी मुझे सच में उनके लिए बुरा लगता है, वह दिन-रात बॉलीवुड की तारीफ करती रहती हैं, काम पाने की उम्मीद में, लेकिन किसी से किसी तरह का काम कभी नहीं मिलता।'
वहीं, दूसरे यूजर ने लिखा, 'स्वरा को राम जन्मभूमि के फैसले पर दुख हुआ। हमें भी स्वरा के लिए दुख है। उन्होंने अदालत का आदेश देखा। हमने राम को देखा। केवल पुण्यात्माएं ही उन्हें देख सकती हैं।'
एक अन्य यूजर ने लिखा, 'उन्हें राम मंदिर और उस पर दिए गए सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर शर्म आती है इसलिए उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री के सभी खानों से सहानुभूति पाने की कोशिश की। लेकिन क्या उन्होंने उनसे सहानुभूति मांगी? वह खुद को बहुत महान महिला समझती हैं। उन्हें एनआरसी, सीएए या बीएनएसएस के बारे में कुछ नहीं पता और फिर भी बड़ी-बड़ी बातें करती हैं। क्या आपने कभी किसी गैर-हिंदू को, चाहे उसकी शादी किसी हिंदू से हुई हो या नहीं, यह कहते सुना है कि उसे यहां-वहां मस्जिद के निर्माण पर शर्म आती है?'
क्या था राम जन्मभूमि का फैसला?
- राम जन्मभूमि को लेकर हिंदू और मुस्लिम समुदायों के बीच कई वर्षों से तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई थी।
- 9 नवंबर 2019 को सुप्रीम कोर्ट की पांच न्यायाधीशों वाली पीठ ने सर्वसम्मति से विवादित भूमि को राम मंदिर निर्माण के लिए आवंटित कर दिया।
- अदालत ने सरकार को सुन्नी केंद्रीय वक्फ बोर्ड को मस्जिद के लिए पांच एकड़ वैकल्पिक जमीन देने का भी निर्देश दिया।
- इस फैसले के साथ लंबे समय से चले आ रहे स्वामित्व विवाद का कानूनी अंत हो गया।
फरवरी 2023 में शादी का किया खुलासा
स्वरा भास्कर की निजी जिंदगी की बात करें तो उन्होंने फहाद अहमद के साथ जनवरी 2023 में शादी के लिए अदालत में अपील की थी। इसके बाद 16 फरवरी 2023 को परिवार और करीबी दोस्तों की मौजूदगी में विशेष विवाह अधिनियम के तहत दोनों ने अपना विवाह पंजीकृत कराया। सितंबर 2023 में स्वरा ने बेटी राबिया को जन्म दिया।
फिल्म 'पद्मावत' पर बयान से भी हुआ था विवाद
बीते दिनों स्वरा भास्कर ने फिल्म 'पद्मावत' की कहानी को लेकर आपत्ति जताते हुए बयान दिया था। उन्होंने फिल्म में दिखाए गए जौहर के सीन पर बात करते हुए कहा था कि जौहर को सम्मान के काम के तौर पर दिखाने से दुष्कर्म पीड़िताओं के बीच गलत संदेश जा सकता है।
उन्होंने सवाल किया था कि क्या महिलाओं की पवित्रता को उनकी जान से ज्यादा कीमती माना जाना चाहिए?
स्वरा के इस बयान के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर उन्हें काफी ट्रोल किया गया था। विवाद के कुछ दिनों बाद एक्ट्रेस ने सोशल मीडिया के जरिए अपनी सफाई भी दी थी। उन्होंने कहा था कि उनके बयान को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया। साथ ही उन्होंने यह भी कहा था कि वह सिर्फ महिलाओं का समर्थन कर रही थीं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.