सप्ताह की शुरुआत में शेयर बाजार में हल्की बढ़त, सेंसेक्स 83,978 और निफ्टी 25,763 पर बंद

मुंबई। सप्ताह के पहले कारोबारी दिन सोमवार को भारतीय शेयर बाजार सीमित दायरे में उतार-चढ़ाव के बाद हल्की बढ़त के साथ बंद हुआ। बीएसई सेंसेक्स 39.78 अंकों (0.05%) की मामूली बढ़त के साथ 83,978.49 अंक पर बंद हुआ, जबकि कारोबार के दौरान इसने 84,127 का उच्च और 83,609.54 का निम्न स्तर छुआ। इसी तरह, एनएसई निफ्टी 41.25 अंक (0.16%) चढ़कर 25,763.35 अंक पर पहुंचा।
पिछले दो कारोबारी सत्रों से जारी गिरावट पर सोमवार को ब्रेक लगा। वाहन और बैंकिंग शेयरों में लिवाली से बाजार को सहारा मिला। हालांकि, विश्लेषकों का कहना है कि विदेशी निवेशकों की निकासी और घरेलू स्तर पर नए कारकों की कमी के कारण बाजार सीमित दायरे में ही रहा।
सेंसेक्स के शेयरों का हाल
सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से 14 में तेजी और 16 में गिरावट रही। महिंद्रा एंड महिंद्रा 1.7 प्रतिशत की मजबूती के साथ शीर्ष लाभार्थी रही। टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स (TMPV) में 1.69 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई। इसके अलावा भारतीय स्टेट बैंक, भारती एयरटेल, कोटक महिंद्रा बैंक और इटरनल के शेयरों में भी तेजी रही।
वहीं, मारुति सुजुकी 3.37 प्रतिशत की गिरावट के साथ सबसे अधिक नुकसान में रही। आईटीसी, टीसीएस, लार्सन एंड टुब्रो, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स और टाइटन में भी गिरावट दर्ज की गई।
रुपये में गिरावट जारी
विदेशी मुद्रा बाजार में भारतीय रुपया लगातार तीसरे दिन कमजोर हुआ। सोमवार को यह अमेरिकी डॉलर के मुकाबले पांच पैसे गिरकर 88.75 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुआ, जो अब तक के निचले स्तर के करीब है।
वैश्विक बाजारों का रुख
एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कोस्पी, शंघाई का एसएसई कंपोजिट इंडेक्स और हांगकांग का हैंगसेंग सूचकांक बढ़त के साथ बंद हुए। यूरोपीय बाजारों में भी सोमवार को सकारात्मक कारोबार देखने को मिला, जबकि अमेरिकी बाजार शुक्रवार को मजबूती के साथ बंद हुए थे।
कच्चे तेल की कीमत में गिरावट
वैश्विक स्तर पर तेल की कीमतों में गिरावट देखी गई। ब्रेंट क्रूड 0.14 प्रतिशत टूटकर 64.71 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।
एक्सचेंज के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने शुक्रवार को 6,769.34 करोड़ रुपये के शेयर बेचे, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) ने 7,068.44 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।
पिछले सत्र में सेंसेक्स 465.75 अंक गिरकर 83,938.71 पर और निफ्टी 155.75 अंक गिरकर 25,722.10 पर बंद हुआ था।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.