मुजफ्फरनगर में किसान महापंचायत को लेकर ट्रैफिक एडवाइजरी जारी, कई मार्गों पर रहेगा डायवर्जन

HIGHLIGHTS
- एसडी तिराहे से महावीर चौक की ओर कई वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी।
- टिकैत चौक से केवल दोपहिया और चारपहिया वाहनों को जाने की अनुमति होगी।
- GIC मैदान में किसानों के ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के लिए पार्किंग व्यवस्था की जा रही है।
मुजफ्फरनगर। भारतीय किसान यूनियन की ओर से 17 सितंबर को GIC मैदान में प्रस्तावित मजदूर-किसान महापंचायत को देखते हुए यातायात पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है। कार्यक्रम के चलते गुरुवार शाम 4 बजे से शहर के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था में बदलाव रहेगा। पुलिस ने लोगों से महावीर चौक और सर्कुलर रोड की तरफ जाने से बचने तथा वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने की अपील की है।
एसपी ट्रैफिक अतुल चौबे के मुताबिक, शाम 4 बजे से एसडी तिराहे से जानसठ फ्लाईओवर के नीचे होते हुए महावीर चौक की ओर रोडवेज बस, कार, बाइक समेत अन्य वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। रोडवेज बसों को छोड़कर बाकी वाहन एसडी तिराहे से रोडवेज बस अड्डा और प्रकाश चौक होते हुए अपने गंतव्य तक जा सकेंगे।
प्रकाश चौक से भारी वाहनों और बसों को महावीर चौक की तरफ जाने की अनुमति नहीं होगी। वहीं, जानसठ रोड स्थित टिकैत चौक से केवल दोपहिया और चारपहिया वाहन महावीर चौक की ओर जा सकेंगे। ई-रिक्शा, रोडवेज बस, निजी बस और अन्य भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
मिनाक्षी चौक से भी लोडर और भारी वाहनों को महावीर चौक की तरफ जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। सुजडू चुंगी से दोपहिया वाहनों को छोड़कर अन्य वाहनों को सर्कुलर रोड पर महावीर चौक की ओर आने से रोका जाएगा।
इसके अलावा महावीर चौक से सर्कुलर रोड पर A2Z फाटक चौराहे तक बाईं तरफ का रास्ता बंद रहेगा। इस मार्ग पर यातायात दाईं ओर से संचालित किया जाएगा।
रात में आयोजित होगी महापंचायत
GIC मैदान में होने वाली महापंचायत को लेकर भाकियू पदाधिकारियों ने बताया कि इस बार कार्यक्रम रात में आयोजित किया जाएगा। संगठन के अनुसार, उसके दशकों पुराने संघर्ष के इतिहास में पहली बार इतनी बड़ी महापंचायत रात के समय होगी। भाकियू ने मुजफ्फरनगर के साथ ही अन्य जिलों से भी बड़ी संख्या में किसानों और कार्यकर्ताओं के पहुंचने का दावा किया है।
भाकियू जिलाध्यक्ष नवीन राठी ने बताया कि इस बार महापंचायत में बड़े भंडारे की व्यवस्था नहीं की जाएगी। संगठन ने किसानों से अपने साथ दो साथियों के लिए घर से भोजन लेकर आने की अपील की है।
किसानों के ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से पहुंचने की संभावना को देखते हुए GIC मैदान भरने के बाद सड़क के दोनों ओर ट्रैक्टर खड़े कराने की व्यवस्था की जा रही है। कार्यक्रम में रागिनी और पंजाबी गायकों की प्रस्तुतियां भी होंगी। संगठन के मुताबिक, महापंचायत का समापन सुबह करीब 5 बजे होगा।
महापंचायत को लेकर GIC मैदान में तैयारियां जारी हैं। यातायात पुलिस ने लोगों से कार्यक्रम के दौरान असुविधा से बचने के लिए महावीर चौक और सर्कुलर रोड से दूरी बनाए रखने की अपील की है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.