यूपी चुनाव की तैयारी में अखिलेश यादव, 7 जिलों में नए जिलाध्यक्ष घोषित; भाजपा पर साधा निशाना

HIGHLIGHTS
- अखिलेश यादव ने पार्टी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर काम करने की अपील की।
- उन्होंने 2027 में पीडीए के साथ सपा की सरकार बनने का दावा किया।
- शाहजहांपुर में शिक्षामित्र की मौत पर अखिलेश ने मुआवजे की मांग की।
सपा अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि नकारात्मक अभियान उसका हथियार है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा समाजवादी पार्टी के नेताओं के खिलाफ डिजिटल अभियान चला रही है। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा की भाषा अलोकतांत्रिक है और उसका एजेंडा समाज में नफरत फैलाना है। उन्होंने भाजपा को लोकतंत्र, संविधान और आरक्षण का विरोधी बताया। साथ ही कहा कि इस सरकार ने मुनाफाखोरी के जरिए महंगाई बढ़ाई है।
अखिलेश यादव प्रदेश सपा मुख्यालय में विभिन्न जिलों से आए कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि 2027 में पीडीए के साथ समाजवादी पार्टी की सरकार बनने जा रही है। उन्होंने पार्टी के नेता और कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर काम करने की अपील की। अखिलेश ने कहा कि समाजवादी पार्टी की ओर से जिसे भी प्रत्याशी घोषित किया जाए, सभी कार्यकर्ताओं को उसका पूरा समर्थन करते हुए उसे जिताकर विधायक बनाना है।
स्कूल की बीम गिरने से शिक्षामित्र की मौत दुखद
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शाहजहांपुर में जर्जर स्कूल की बीम गिरने से शिक्षामित्र की मौत को बेहद दुखद बताया। उन्होंने कहा कि शिक्षामित्र के परिवार के जीवन-यापन के लिए सरकार को उचित मुआवजा देना चाहिए। अखिलेश ने कहा कि प्रत्येक शिक्षामित्र का बीमा सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए।
सपा ने 7 जिलों में नए जिलाध्यक्ष किए नामित
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सात जिलों में नए जिलाध्यक्षों का मनोनयन किया है। सपा अध्यक्ष के निजी सचिव गंगाराम की ओर से मनोनयन पत्र जारी किए गए हैं।
बलिया में सुनील कुमार मौर्य, बांदा में उमेश, अयोध्या में जय सिंह, पीलीभीत में धर्मेश गंगवार, गौतमबुद्धनगर में इंदर प्रधान और उन्नाव में जयचंद्र विमल को जिलाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं, अशोक यादव को मिर्जापुर का कार्यवाहक जिलाध्यक्ष नामित किया गया है। इसके अलावा मथुरा की सभी इकाइयों को भंग कर दिया गया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.