गोल्फ कोर्स रोड हिट एंड रन केस में एसआईटी गठित, एसीपी की निगरानी में होगी जांच

HIGHLIGHTS
- सिया का बयान मजिस्ट्रेट के सामने भी दर्ज कराया गया।
- पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है।
- कल्याण बैंसला और लवनिश पुलिस रिमांड पर हैं।
गुरुग्राम। गोल्फ कोर्स रोड पर हुए हिट एंड रन मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है। एक सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) की निगरानी में एसआईटी पूरे मामले की जांच करेगी।
यह था पूरा मामला
रविवार सुबह महिला राइडर सिया अपने साथियों के साथ गोल्फ कोर्स रोड से गुजर रही थीं। आरोप है कि सफेद रंग की सियाज कार में सवार युवकों ने उनका पीछा किया। विरोध करने पर उन्होंने कथित तौर पर बाइक को जानबूझकर टक्कर मार दी, जिससे सिया गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर किया पोस्ट
सिया ने घटना का वीडियो बनाकर उसे सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था। सोमवार को वीडियो वायरल होने के बाद सेक्टर-56 थाना पुलिस ने स्वत: संज्ञान लेते हुए प्राथमिकी दर्ज की। इसके बाद मंगलवार को पुलिस दिल्ली के कालकाजी स्थित सिया के घर पहुंची और उनका बयान दर्ज किया।
बाद में सिया को गुरुग्राम लाया गया, जहां मजिस्ट्रेट के सामने उनका बयान दर्ज कराया गया और मेडिकल जांच भी कराई गई।
पुलिस ने सोमवार को ही कल्याण बैंसला को राजस्थान के दौसा के पास से गिरफ्तार किया था। कार में उसके साथ मौजूद लवनिश को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है। दोनों आरोपी फिलहाल पुलिस रिमांड पर हैं और उनसे पूछताछ की जा रही है।
दो अन्य युवकों की तलाश में जुटी पुलिस
क्राइम ब्रांच के आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, आरोपियों को दौसा के पास से गिरफ्तार किए जाने के बाद उनसे लगातार पूछताछ की जा रही है। मंगलवार रात भी उनसे कई घंटे तक पूछताछ हुई।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि घटना के समय कार में कल्याण और लवनिश के अलावा दो अन्य युवक भी मौजूद थे। दोनों बिहार के रहने वाले बताए जा रहे हैं। आरोपियों ने पुलिस को उनके नाम भी बताए हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सूत्र ने फिलहाल दोनों युवकों के नाम बताने से इनकार किया है। पुलिस अब उन दोनों की भूमिका की जांच कर रही है। संभावना है कि पुलिस जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर सकती है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.