छठ पूजा पर दिल्ली में ट्रैफिक अलर्ट, रविवार दोपहर से सोमवार सुबह तक प्रभावित रहेगा यातायात

HIGHLIGHTS
- छठ पूजा के मद्देनजर दिल्ली यातायात पुलिस ने विशेष ट्रैफिक व्यवस्था की है।
- रविवार और सोमवार को यमुना घाटों के आसपास यातायात प्रभावित रहने की संभावना है।
- रविवार दोपहर 2 बजे से सोमवार सुबह 8 बजे तक विशेष व्यवस्था लागू रहेगी।
नई दिल्ली। छठ पूजा के दौरान यमुना घाटों पर श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए दिल्ली यातायात पुलिस ने विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू की है।
रविवार और सोमवार को वजीराबाद से आईपी एस्टेट तक यमुना के अलग-अलग घाटों के आसपास यातायात प्रभावित रहने की आशंका है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए वाहनों की आवाजाही सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यकता के अनुसार ट्रैफिक नियंत्रित किया जाएगा।
सुबह 8 बजे तक प्रभावित रह सकता है यातायात
यातायात पुलिस के मुताबिक, वजीराबाद इलाके के राम घाट, सूर घाट और बजरंग घाट के अलावा आईएसबीटी के नजदीक वासुदेव घाट तथा आईपी एस्टेट क्षेत्र के हाथी घाट पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
इसी के मद्देनजर रविवार दोपहर 2 बजे से सोमवार सुबह 8 बजे तक इन इलाकों में यातायात प्रभावित रह सकता है।
इन रास्तों पर रहेगी यातायात की पाबंदी
इस अवधि में बंध रोड, वजीराबाद रोड, विकास मार्ग, आईपी एस्टेट इलाके की सड़कों और यमुना घाटों की तरफ जाने वाले रास्तों पर वाहनों की आवाजाही नियंत्रित की जाएगी। श्रद्धालुओं की भीड़ और मौके पर यातायात की स्थिति के हिसाब से वाहनों को रोकने या उनका रूट डायवर्ट करने का फैसला भी लिया जा सकता है।
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से इन रास्तों पर जाने से बचने और यात्रा के लिए अतिरिक्त समय लेकर निकलने की अपील की है। साथ ही लोगों से ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करने को कहा गया है, ताकि छठ पूजा के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.